नई दिल्ली | 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें अगर 1 जनवरी 2026 से लागू होती हैं तो केंद्रीय कर्मचारियों को एरियर के रूप में अच्छी-खासी रकम मिल सकती है। खासकर पे मैट्रिक्स के लेवल-1 में आने वाले उन कर्मचारियों के लिए यह राहत बड़ी होगी, जिनकी शुरुआती बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। एक अनुमान के मुताबिक, ऐसे कर्मचारियों को 12 महीने का करीब 2.06 लाख रुपये एरियर मिल सकता है। यह गणना 2.57 के फिटमेंट फैक्टर को आधार मानकर की गई है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि सरकार कितना फिटमेंट फैक्टर मंजूर करेगी और वेतन में बढ़ोतरी किस फॉर्मूले से होगी। इसलिए कर्मचारियों को मिलने वाला वास्तविक एरियर इससे अलग हो सकता है।
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब आएगी?
8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था। आयोग ने अपने गठन का एक साल पूरा कर लिया है। इसे अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए कुल 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से आयोग के पास अब करीब छह महीने का समय बचा है।
तीन सदस्यीय आयोग की अध्यक्षता न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। उम्मीद है कि आयोग मई-जून 2027 के आसपास अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंप सकता है। आयोग ने हाल ही में बेंगलुरु और मुंबई में बैठकें भी की हैं। बेंगलुरु में 8 अक्टूबर और मुंबई में 23 अक्टूबर को बैठक हुई थी।
18,000 बेसिक पे वालों की कितनी हो सकती है नई सैलरी?
एरियर का हिसाब समझने के लिए मान लेते हैं कि कोई केंद्रीय कर्मचारी पे मैट्रिक्स के लेवल-1 में काम कर रहा है और उसकी मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। अगर 8वें वेतन आयोग में 7वें वेतन आयोग की तरह 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो कर्मचारी की नई बेसिक सैलरी इस तरह होगी।
नई बेसिक सैलरी = मौजूदा बेसिक सैलरी × फिटमेंट फैक्टर (18,000 × 2.57 = 46,260 रुपये)
यानी इस उदाहरण में कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 46,260 रुपये हो सकती है। लेकिन एक साल के एरियर की गणना सिर्फ नई बेसिक सैलरी को 12 महीने से गुणा करके नहीं की जाएगी। इसमें 2026 के दौरान कर्मचारियों को मिल चुका महंगाई भत्ता (DA) भी शामिल करना होगा।
2026 में कितना रहा महंगाई भत्ता?
जनवरी से जून 2026 तक महंगाई भत्ता 60 फीसदी रहा है। वहीं, जुलाई से दिसंबर 2026 तक महंगाई भत्ता 63 फीसदी है। इस आधार पर कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते को जोड़ने पर हर महीने मिलने वाली रकम अलग-अलग होगी।
2026 के पहले 6 महीनों में कर्मचारी का मौजूदा बेसिक पे और डीए मिलाकर 28,800 रुपये प्रति माह बैठता है। वहीं, अगले छह महीनों में यह रकम 29,340 रुपये प्रति माह बैठती है।
12 महीने में कैसे बनेगा 2.06 लाख रुपये का एरियर?
अगर नई बेसिक सैलरी 46,260 रुपये मान ली जाए तो जनवरी से जून तक मौजूदा बेसिक सैलरी और DA के मुकाबले हर महीने 17,460 रुपये का अंतर होगा। वहीं, जुलाई से दिसंबर तक यह अंतर घटकर 16,920 रुपये रह जाएगा।
इस तरह जनवरी से जून 2026 तक 1,04,760 रुपये और जुलाई से दिसंबर 2026 तक 1,01,520 रुपये यानी कुल 12 महीने का एरियर 2,06,280 रुपये बैठता है। यह तभी संभव होगा, जब सरकार नई वेतन व्यवस्था को 1 जनवरी 2026 से पिछली तारीख से लागू करने का फैसला करती है और फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है।
किन वजहों से बदल सकती है एरियर की रकम?
यहां ध्यान देने वाली बात है कि 2.06 लाख रुपये का एरियर केवल एक अनुमान है। अंतिम रकम कई बातों पर निर्भर करेगी। फिटमेंट फैक्टर में बदलाव, महंगाई भत्ते का समायोजन, HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस, सालाना इंक्रीमेंट, प्रमोशन या MACP तथा इनकम टैक्स जैसी कटौतियों के बाद कर्मचारी के हाथ में आने वाली वास्तविक रकम कम हो सकती है।