सिरोही/आबूरोड। आबूरोड से माउंट आबू जा रहे पर्यटकों से भरे टेम्पो ट्रेवल में रविवार दोपहर आरणा के पास अचानक भीषण आग लग गई। वाहन में सूरत से आए करीब 15 से 17 पर्यटक सवार थे। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सभी पर्यटकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
वाहन आरणा के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसमें आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने तत्काल वाहन रोककर पर्यटकों को नीचे उतारा। कुछ ही देर में आग ने पूरे टेम्पो ट्रेवल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते वाहन धू-धूकर जलने लगा और पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की ऊंची लपटों को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही आबूराज नगरपालिका की आपदा टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आबूराज थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि आबूरोड से माउंट आबू की ओर जा रहे टेम्पो ट्रेवल में आरणा के पास आग लगने की सूचना मिली थी। चालक ने समय रहते वाहन सड़क किनारे रोक दिया और उसमें सवार सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
समय रहते सभी पर्यटकों के वाहन से बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।