अजमेर | राजस्थान के अजमेर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ फरीदाबाद कॉलोनी में रविवार सुबह चार्जिंग पर लगा एक ई-रिक्शा अचानक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते पूरा रिक्शा जलकर खाक हो गया।
अचानक उठी चिंगारी
कॉलोनी निवासी सोनू बिजावत ने रोज की तरह अपना ई-रिक्शा घर के बाहर चार्ज करने के लिए लगाया था। चार्जिंग के दौरान बैटरी से अचानक चिंगारी निकली। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
आस-पास के लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि रिक्शा को बचाया नहीं जा सका। कुछ ही मिनटों में वाहन लोहे का ढांचा बनकर रह गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सोनू ने बताया कि यह रिक्शा उनकी आय का एकमात्र जरिया था। उन्होंने हाल ही में बैंक से लोन लेकर इसे किस्तों पर खरीदा था। अब रिक्शा जलने से उनके सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार अब सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है। बैंक की किस्तें और परिवार का भरण-पोषण अब सोनू के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया है।