दक्षिण कोरिया: सेना का कोबरा अटैक हेलीकॉप्टर क्रैश, दो अधिकारियों की मौत
दक्षिण कोरिया के ग्योंग्गी प्रांत में सेना का कोबरा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हादसे में दो जूनियर वॉरंट अधिकारियों की जान चली गई है।
सियोल | दुनिया भर में विमान और हेलीकॉप्टर हादसों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दक्षिण कोरिया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हुआ है। ग्योंग्गी प्रांत के गापेयोंग काउंटी में सेना का एक AH-1S कोबरा अटैक हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
यह हेलीकॉप्टर सेना के 15वें एविएशन ग्रुप का हिस्सा था और अपने बेस से लगभग 800 मीटर दूर एक नदी के किनारे क्रैश हुआ। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दो जूनियर वॉरंट अधिकारियों की जान चली गई। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दक्षिण कोरियाई सेना ने इस हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। यह घटना सैन्य प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों पर फिर से सवाल खड़ा करती है।