जसवंतपुरा | ग्राम चांदना के उपस्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब 12 माह से एएनएम (ANM) का पद रिक्त होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, जालोर को पत्र सौंपकर उपस्वास्थ्य केंद्र में तत्काल एएनएम की नियुक्ति करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने पत्र में बताया कि चांदना स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र पर लंबे समय से एएनएम का पद रिक्त है। इसके कारण गर्भवती महिलाओं की जांच, प्रसव पूर्व देखभाल, टीकाकरण और सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य संबंधी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि एएनएम की नियमित सेवाएं नहीं मिलने से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारु व्यवस्था के लिए उपस्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम की नियुक्ति आवश्यक है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए चांदना के उपस्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल एएनएम की नियुक्ति की जाए, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जालोर, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, जसवंतपुरा तथा संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।