बांसवाड़ा | राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल ब्लॉक में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां खमेरा थाना क्षेत्र के काली मगरी गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार देर रात की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय अनिल निनामा के रूप में हुई है। अनिल भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के क्षेत्रीय नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अशोक निनामा का सगा भाई था। अनिल की हत्या की खबर मिलते ही समर्थकों की भारी भीड़ अस्पताल में जमा हो गई।
प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह मामला कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। अनिल सोमवार रात अपनी परिचित महिला लक्ष्मी से मिलने उसके पीहर काली मगरी गया था। वहां महिला के पति सिद्धार्थ और उसके साथियों ने अनिल की घेराबंदी कर ली।
आरोपियों ने लठ और पत्थरों से अनिल पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में अनिल को झाड़ियों में फेंक दिया गया था। चिकित्सकों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अनिल की जान गई है। मंगलवार सुबह अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
बीएपी नेता ने लगाए गंभीर आरोप
बीएपी नेता अशोक निनामा ने इस घटना को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने सागबारी सरपंच प्रकाश को इस पूरी वारदात का मुख्य सूत्रधार बताया है। अशोक का आरोप है कि उनके परिवार को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के लिए यह हत्या की गई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि मुख्य आरोपी सिद्धार्थ और उसकी पत्नी लक्ष्मी को हिरासत में ले लिया गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलें और साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपियों के बंद घरों की भी तलाशी ली है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
अनिल की मौत के बाद उसके पिता केशवलाल का बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है, जिनमें से एक मात्र डेढ़ महीने की है। मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की।