ब्यावर | राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर मिलावटखोरों के खिलाफ जंग जारी है। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के कड़े निर्देशों के बाद 'शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार' अभियान रफ्तार पकड़ रहा है। इसी कड़ी में ब्यावर में बड़ी कार्रवाई हुई है।
आधी रात तक चला सर्च ऑपरेशन
ब्यावर के सराधना इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार आधी रात तक खाद्य सुरक्षा टीम ने सघन छापेमारी की। मैसर्स महावीर गृह उद्योग पर हुई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के होश उड़ गए। यहाँ भारी मात्रा में मिलावटी मसाले तैयार हो रहे थे।
मिर्च में मिलाया जा रहा था चापड़
टीम ने यहाँ 5480 किलो मिर्च पाउडर जब्त किया, जिसमें हानिकारक कलर और चापड़ मिलाया गया था। मौके से 1400 किलो चापड़ भी बरामद हुआ। इस मिलावटी माल को बाजार में खपाने की पूरी तैयारी कर ली गई थी।
दूसरी फर्म पर भी गिरी गाज
जांच दल ने मैसर्स गुलाब चंद-उत्तम चंद के परिसर में भी दबिश दी। यहाँ मिर्च, धनिया और हल्दी की पिसाई का काम चल रहा था। टीम ने यहाँ से मसालों की ढेरियों से हल्दी, धनिया और मिर्च के नमूने एकत्र किए।
हजारों किलो मसाले सीज
कार्रवाई के दौरान 1550 किलो हल्दी पाउडर, 700 किलो धनिया और 1900 किलो मिर्च पाउडर को सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सख्त संदेश देने की कोशिश
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और CMHO डॉ. संजय गहलोत की टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी मिलावटखोर को बख्शा नहीं जाएगा।