बीकानेर | बिछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में गुरुवार को 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक पौधे लगाए गए। यह आयोजन ‘एक पेड़ मां यशोदा के नाम’ अभियान के तहत किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी ओम प्रकाश ने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर आईजीएनपी आयुक्त नवनीत कुमार, जिला कलेक्टर निशांत जैन और सीसीएफ जयपुर आर.के. खैरवा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सीसीएफ खैरवा ने कहा कि इस पौधरोपण से मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में हरित वातावरण विकसित होगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के रूप में और भी महत्वपूर्ण बनेगा।
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नाटक एवं लोकनृत्य के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
छात्रा सीमा कुमारी ने अमृता देवी और 363 लोगों के बलिदान की घटना का प्रभावी मंचन कर सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पर्यावरणप्रेमी उपस्थित रहे।