बीकानेर, 4 अक्टूबर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम इकाई की ओर से शनिवार को जन-जागरूकता ई-रिक्शा रैली निकाली गई। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया और मानसिक रोग एवं नशा मुक्ति विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीगोपाल गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर मानसिक स्वास्थ्य, मानसिक रोगों तथा नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता संदेश दिए जाएंगे। अभियान के दौरान पोस्टर, पेम्पलेट, बुकलेट, फ्लैक्स और ई-माइक के जरिए लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। साथ ही टेली-मानस, मनदर्पण और राज-ममता हेल्पलाइन सहित उपचार एवं नशा मुक्ति सेवाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।