राजस्थान

बीकानेर में पहली बार होगी सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप

जोगेन्द्र सिंह शेखावत · 06 नवम्बर 2026, 05:13 शाम
बीकानेर में पहली बार 12 से 14 नवंबर तक सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में प्रदेशभर के 200 से अधिक मुक्केबाज अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

बीकानेर | बीकानेर शहर में खेल इतिहास में पहली बार सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 12 से 14 नवंबर तक स्थानीय डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के इंडोर हॉल में संपन्न होगी, जिसकी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं।

पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियों को गति

 

इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में किया। इस अवसर पर एडीएम सिटी रीना छीपा और अतिरिक्त जिला कलेक्टर मनु गर्ग भी विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने इस आयोजन को बीकानेर के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया है।

 

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि इस चैंपियनशिप के जरिए शहरवासियों को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों के मुकाबले देखने का सीधा अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और क्षेत्र में बॉक्सिंग खेल को एक नई दिशा मिलेगी।



200 से अधिक मुक्केबाज दिखाएंगे दम

 

आयोजन सचिव एवं बॉक्सिंग कोच राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय महाकुंभ में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक चुनिंदा मुक्केबाज शिरकत करेंगे। इनमें वे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स और यूनिवर्सिटी गेम्स में पदक हासिल किए हैं।

 

प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी और राष्ट्रीय पदक विजेता भी अपना हुनर दिखाएंगे, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होंगे। - राजेन्द्र सिंह राठौड़, आयोजन सचिव



राष्ट्रीय चैंपियनशिप का सीधा मार्ग

 

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता मुक्केबाजों को सीधे तौर पर 10वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने का सुनहरा अवसर मिलेगा। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 27 दिसंबर तक बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)