Highlights
कांग्रेस की सरकारों के दौरान देश में भ्रष्टाचार, आतंक और निराशा थी, भाजपा की मोदी सरकार में अब सुशासन, शांति और आशा दिखाई दे रही है - सीपी जोशी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी कोटा और भरतपुर में क्लस्टर कार्यकर्ता बैठक में हुए शामिल
जयपुर, 21 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी आज कोटा के एलन सत्यार्थ में कोटा, भीलवाड़ा एवं झालावाड़ तथा भरतपुर के सैन्चुरी ग्रीन रिसोर्ट में भरतपुर, करौली-धौलपुर एवं टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा की क्लस्टर कार्यकर्ता बैठक व क्लस्टर कोर कमेटी बैठक में शामिल हुए।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों के साथ संवाद किया और चुनाव में प्रत्याशी की घोषणा से लेकर उसका नामांकन, मतदान और मतदान तक किए जाने वाले कार्यो के लिए योजना बनाने से लेकर क्रियांवयन और फोलोअप से संबंधित आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता की जननी संगठन और संगठन की जननी कार्यकर्ता होता है। आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा और मजबूत राजनैतिक संगठन है, भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता इसकी ताकत है।
भाजपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह और चहरे की चमक देखकर यह विश्वास हो चुका है कि अबकी बार प्रदेश की सभी 25 सीटों पर प्रचंड बहुमत से भाजपा को विजयी बनाकर राजस्थान इतिहास रचने वाला है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि देश की जनता ने देखा कि आजादी के समय किस प्रकार के षडयंत्र रचकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस से इस्तिफा लिया गया, किस प्रकार रियासतों का विलय हुआ, कश्मीर में धारा 370 लगी, चीन ने हमारी जमींन पर कब्जा किया।
आजादी के बाद पचास सालों तक राज करने वाली कांग्रेस की सरकारों ने देश को भ्रष्टाचार, अशांति और निराशा ही दी, जनता से सिर्फ वादे किए काम नहीं किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि 2014 में वोट की ताकत से ऐसा सूर्योदय हुआ जिसने देश की दशा और दिशा बदल दी। भाजपा की मोदी सरकार ने दस सालों में अकल्पनीय काम करते हुए दुनिया में भारत का मान बढ़ाया। एक शासक की तरह नहीं देश को परिवार मानकर जन सेवक के रूप में काम किया।
इंडिया गेट पर जहां जार्ज पंचम की प्रतिमा लगी थी वहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगी, राष्ट्रपति भवन का मुगल गार्डन अमृत वाटिका कलहाने लगी, जहां फिरंगियों का झंडा था वहां भारत की पताका फहराने लगी, जहां आतंकवाद था वहां शांति रहने लगी, जहां निराशा थी वहां आशा दिखाई देने लगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा पहले दुनिया में भारत का सम्मान नहीं था। पिछले दस सालों में दुनिया में भारत की मान बढ़ा है, विकसित राष्ट्र का प्रधानमंत्री कहता है मोदी महान है, कोई कहता है मोदी हनुमान है, किसी देश का प्रधानमंत्री हमारे प्रधानमंत्री के पांव छूता है तो लगता है मां भारती का लाल पूरी दुनिया में भारत का वैभव बढ़ा रहा है।
रूस और युक्रेन युद्ध के समय जब भारत के बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए चार घंटे के लिए युद्ध विराम किया गया तब दुनिया ने तिरंगे की ताकत को देखा। भाजपा की नीति और नेतृत्व के कारण ही फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार भाजपा का ही नहीं जन-जन का नारा बन चुका है।
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा से प्रत्याशी ओम बिरला, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, झालावाड़ सांसद दुष्यन्त सिंह, भीलबाड़ा सांसद सुभाष बहेड़िया, कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर, राज्यमंत्री हीरालाल नागर, प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, क्लस्टर प्रभारी नारायण पंचारिया प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद जयपुर में भी क्लस्टर बैठक आयोजित होगी।