आबूरोड | ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने नेपाल आपदा के पीड़ितों के लिए सहयोग का बड़ा कदम बढ़ाया है। ब्रह्माकुमारीज़ के नेपाल स्थित काठमांडू जोन ने आपदा पीड़ितों की मदद और पुनर्वास के लिए एक करोड़ एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक नेपाल सरकार के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले को सौंपा है। इसके अलावा संस्थान से जुड़े भाई-बहनों द्वारा पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें राशन सामग्री से लेकर अन्य जरूरी सामान मुहैया कराया जा रहा है।
काठमांडू जोन की वरिष्ठ पदाधिकारी बीके किरण दीदी ने बताया कि पिछले दिनों नेपाल में आई भीषण आपदा हर सभी का मन व्यथित है। आपदा के बाद ब्रह्माकुमारीज़ के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मिलकर निर्णय लिया कि ऐसे समय में संस्थान पीड़ितों के लिए हर संभव मदद करेगा। वरिष्ठ सदस्य बीके रामसिंग भाई, बीके किशोर भाई ने बताया कि नेपाल सरकार के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले को एक करोड़ एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया है। हम सभी चाहते हैं कि नेपाल वासियों ने जो आपदा का दर्द सहा है वह जल्द से जल्द उससे उबर जाएं और फिर से नई शुरुआत करें। इस मौके पर विशेष रूप से वरिष्ठ सदस्य बीके विनोद भाई, बीके दिलप्रसाद पोखरेल और बीके शरद बाबू भाई भी उपस्थित रहे।
राजयोग ध्यान से पीड़ितों को दे रहे शुभ बाइव्रेशन-
बीके कुसुम दीदी ने बताया कि काठमांडू में संस्थान के मुख्यालय में आपदा पीड़ितों के लिए विशाल श्रद्धांजली सभा आयोजित की गई, जिसमें तीन हजार से अधिक भाई-बहनों ने घंटों तक राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से शुभ बाइव्रेशन दिए ताकि पीड़ित इससे जल्द से जल्द मानसिक रूप से उबर सकें।
-----------
ब्रह्माकुमारीज़ राजयोग ध्यान, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जनचेतना के साथ-साथ देश-विदेश में आई आपदा, संकट में हर संभव मदद करती रही है। नेपाल में आई भीषण त्रासदी दुखद है। संस्थान ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए पीड़ितों की मदद के लिए एक करोड़ एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक नेपाल सरकार को सौंपा है।
- राजयोगी बीके करुणा भाई, महासचिव, ब्रह्माकुमारीज़
---------------
सर्व के सहयोग से सुखमय संसार के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ की सेवाएं जारी हैं। संस्थान आध्यात्मिक चेतना, जन जागरण के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं में शुरू से ही मदद करती आई है। फिर चाहे राजस्थान में सूखा हो, गुजरात में आया भीषण भूकंप या नेपाल में आई दुखद त्रासदी। संस्थान से जुड़े भाई-बहनों ने नेपाल त्रासदी में पूरी क्षमता के साथ मदद के हाथ बढ़ाए हैं। परमात्मा से यही प्रार्थना है पीड़ित लोग जल्द से जल्द इस दुख से उबर सकें।
- राजयोगी डॉ. बीके मृत्युंजय भाई, अतिरिक्त महासचिव, ब्रह्माकुमारीज़