नई दिल्ली | लोक आस्था और प्रकृति की उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा इस वर्ष 13 नवंबर 2026 से शुरू हो रहा है। यह महाव्रत मुख्य रूप से संतान के सौभाग्य, अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखा जाता है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के अनुसार, इस पर्व में डूबते और उगते सूर्य दोनों को अर्घ्य देने की अनूठी परंपरा है।
छठ पूजा 2026: छठ पूजा 2026 की शुरुआत 13 नवंबर से, जानिए नहाय-खाय से लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य तक की पूरी तिथियां
चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 13 नवंबर 2026 को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस कठिन 36 घंटे के निर्जल व्रत का समापन होगा।
HIGHLIGHTS
- नवंबर: नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी।
- नवंबर: खरना के आयोजन के बाद 36 घंटे का कठिन निर्जल व्रत शुरू होगा।
- नवंबर: नदी और तालाबों के घाटों पर संध्या अर्घ्य यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
- नवंबर: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगे।
संबंधित खबरें
13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी शुरुआत
छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रतधारी सुबह स्नान करने के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर भगवान सूर्य और छठी मैया का स्मरण करते हैं। रसोई और घर की विशेष साफ-सफाई की जाती है। इस दिन भोजन में शुद्धता का पूर्ण ध्यान रखा जाता है।
परंपरा के अनुसार, नहाय-खाय के दिन व्रती के लिए लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल जैसे सात्विक पकवान बनाए जाते हैं। भोजन में लहसुन-प्याज का प्रयोग वर्जित होता है। सबसे पहले भगवान को भोग लगाने के बाद व्रतधारी प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसे शरीर और मन की शुद्धि का दिन माना जाता है।
14 नवंबर को खरना और 36 घंटे का निर्जल व्रत
संबंधित खबरें
पर्व का दूसरा दिन 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा की जाती है। मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से आग जलाकर गुड़ और दूध से खीर बनाई जाती है। छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं।
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जल व्रत शुरू हो जाता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल का त्याग करते हैं। यह व्रत 16 नवंबर की सुबह सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही संपन्न होता है।
15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को पारण
छठ पूजा का तीसरा दिन यानी 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य मौसमी सामग्री सजाई जाती है। व्रती परिवार के साथ नदी या तालाब के घाट पर पहुंचते हैं और पानी में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
चौथा और अंतिम दिन 16 नवंबर को उषा अर्घ्य का होगा। इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले व्रती घाट पर पहुंचते हैं और उगते सूर्य को जल व दूध अर्पित करते हैं। इसके बाद छठी मैया की पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया जाता है और व्रत का पारण होता है।