राज्य

सिरोही: जिला स्तरीय राजपूत मातृशक्ति सशक्तिकरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न, 101 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

गणपत सिंह मांडोली · 18 जून 2026, 06:21 शाम

सिरोही। पिण्डवाड़ा स्थित आरासाणा अम्बाजी मंदिर परिसर में गुरुवार को जिला स्तरीय राजपूत मातृशक्ति-क्षत्राणी सशक्तिकरण स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से दो हजार से अधिक मातृशक्ति, युवा प्रतिभाओं एवं समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि भारतीय महिलाओं ने सेना, पुलिस, विज्ञान, सिविल सेवा और कॉरपोरेट सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास है।


राजस्थान सरकार के मंत्री ओटा राम देवासी ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन की सराहना की। सांसद ने पिण्डवाड़ा में क्षत्रिय समाज भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की, जबकि विधायक समाराम गरासिया ने भी विधायक मद से 15 लाख रुपये की घोषणा की।
भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी ने महिलाओं की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि शिक्षित महिला दो परिवारों के विकास की आधारशिला होती है।


समारोह समिति के अध्यक्ष एवं राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित सेवानिवृत्त सीआई गोप सिंह देवड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय उपलब्धियों तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 101 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। उन्होंने समाज भवन के लिए भूमि आवंटन की भी मांग रखी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री गणपत सिंह राठौड़ सहित अनेक अतिथियों ने महिलाओं और युवाओं से शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। पुलिस निरीक्षक डिम्पल कंवर ने युवाओं को मोबाइल की लत से दूर रहकर एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संत रेवानाथ महाराज, चंदन सिंह देवड़ा, रविन्द्र सिंह बालावत, दलीप सिंह मांडानी, वीरेंद्र सिंह चौहान, नरपत सिंह राणावत, दिपेन्द्र सिंह पिथापा, भवानी सिंह डोडुआ सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजक कैप्टन रतन सिंह वीरवाड़ा, सचिव बाघ सिंह राणावत एवं आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में समारोह समिति अध्यक्ष गोप सिंह देवड़ा ने सभी अतिथियों, भामाशाहों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)