बीकानेर |
शिक्षा विभाग अपने सभी कार्यस्थलों पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न के मामलों को लेकर गंभीर हो गया है। इसी क्रम में, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा 22 जुलाई को जयपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की जाएगी।
विशाखा समिति की बैठक
यह बैठक विशेष रूप से विशाखा शिकायत निवारण समितियों के कामकाज और उनके समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों पर केंद्रित होगी। शिक्षा मंत्री दिलावर ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है।
अधिकारियों को निर्देश जारी
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को इस बैठक के संदर्भ में आवश्यक सूचनाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार, विभिन्न स्तरों पर 'महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013' के तहत गठित शिकायत निवारण समितियों (विशाखा समिति) से संबंधित जानकारी मांगी गई है।
दिसम्बर 2023 से अब तक के मामलों की समीक्षा
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने विशेष रूप से दिसम्बर 2023 से लेकर अब तक इन समितियों के समक्ष प्रस्तुत हुई सभी शिकायतों और प्रकरणों की सूचना एक निर्धारित प्रारूप में मंगवाई है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों और विद्यालयों में विशाखा से संबंधित शिकायतों, जैसे छेड़-छाड़, बलात्कार, और चरित्र हनन, पर की गई कार्रवाई की स्थिति और लंबित प्रकरणों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।