अहमदाबाद | अडाणी ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन 64 वर्षीय गौतम अडाणी ने अपने विशाल कारोबारी साम्राज्य के भविष्य की रूपरेखा तैयार कर ली है। अडाणी ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में चार पारिवारिक सदस्यों की एक टीम को चुना है, जिसमें उनके दो बेटे करण और जीत तथा दो भतीजे प्रणव और सागर शामिल हैं।
नेतृत्व विरासत में नहीं, जिम्मेदारी है
फॉर्च्यून इंडिया के साथ एक विशेष बातचीत में गौतम अडाणी ने स्पष्ट किया कि नेतृत्व केवल विरासत में मिलने वाली चीज नहीं है। उन्होंने कहा, 'अगली पीढ़ी को नेतृत्व विरासत में नहीं मिलता है, बल्कि उन्हें इसे हासिल करने की जिम्मेदारी विरासत में मिलती है।' हालांकि, अडाणी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह पूर्ण नियंत्रण उन्हें कब सौंपा जाएगा।
कौन हैं अडाणी के चार उत्तराधिकारी?
ग्रुप के भविष्य की कमान संभालने वाली टीम में शामिल चारों सदस्य पहले से ही विभिन्न भूमिकाओं में सक्रिय हैं:
- करण अडाणी (39): 2009 में मुंद्रा पोर्ट से शुरुआत की। वर्तमान में अडाणी पोर्ट्स के सीईओ हैं।
- जीत अडाणी (29): अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक हैं और आठ हवाई अड्डों का संचालन देख रहे हैं।
- प्रणव अडाणी (48): अडाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक और एग्रो, ऑयल एंड गैस के प्रबंध निदेशक हैं।
- सागर अडाणी (32): अडाणी ग्रीन एनर्जी के कार्यकारी निदेशक हैं और सौर-पवन ऊर्जा पोर्टफोलियो के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।
देश के सबसे अमीर कारोबारी
अक्टूबर 2026 की फोर्ब्स की सूची के अनुसार, गौतम अडाणी फिर से भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 10.85 लाख करोड़ रुपए आंकी गई है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति में 1.99 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। इसके विपरीत, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 8.3 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं।