नई दिल्ली | गूगल ने अपने करोड़ों जीमेल यूजर्स को एक ऐसा तोहफा दिया है जिसका इंतजार सालों से किया जा रहा था। अब आप अपनी पुरानी ईमेल आईडी का यूजरनेम (@gmail.com से पहले वाला हिस्सा) आसानी से बदल सकेंगे।
पुरानी पहचान को कहें अलविदा
अक्सर हम बचपन में या जल्दबाजी में 'coolboy' या 'angelpriya' जैसे यूजरनेम बना लेते हैं। बाद में प्रोफेशनल लाइफ में ये नाम शर्मिंदगी का कारण बनते हैं। गूगल अब इसी समस्या का समाधान लेकर आया है।
गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि साल 2004 में बना आपका ईमेल एड्रेस अब आपकी मजबूरी नहीं रहेगा। आप अपनी डिजिटल पहचान को अब आसानी से अपग्रेड कर सकते हैं।
डेटा और इनबॉक्स का क्या होगा?
सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि आपका पुराना ईमेल एड्रेस पूरी तरह से खत्म नहीं होगा। वह आपके अकाउंट में एक 'अल्टरनेट ईमेल' के तौर पर जुड़ा रहेगा।
इसका मतलब है कि अगर कोई आपके पुराने एड्रेस पर मेल भेजता है, तो वह भी आपके नए इनबॉक्स में ही आएगा। आपकी गूगल ड्राइव फाइल्स, फोटोज और चैट्स पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
इतना ही नहीं, आप गूगल की किसी भी सर्विस जैसे यूट्यूब या मैप्स पर लॉगिन करने के लिए पुराने या नए, दोनों में से किसी भी एड्रेस का इस्तेमाल कर सकेंगे।
ईमेल बदलने का स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
सबसे पहले अपने ब्राउजर में myaccount.google.com/google-account-email लिंक को ओपन करें। इसके बाद बाएं तरफ दिए गए 'Personal info' सेक्शन पर क्लिक करें।
अब 'Email' विकल्प के अंदर 'Google Account email' पर जाएं। यहाँ आपको 'Change Google Account email' का विकल्प दिखाई देगा। उस पर क्लिक करके अपना नया यूजरनेम टाइप करें।
ध्यान रहे कि नया नाम यूनिक होना चाहिए। अंत में 'Change email' और फिर 'Yes, change email' पर क्लिक करके अपनी रिक्वेस्ट कन्फर्म करें। आपका एड्रेस बदल जाएगा।
इन नियमों का रखना होगा ध्यान
गूगल ने इस फीचर के साथ कुछ सख्त शर्तें भी रखी हैं। आप 12 महीने यानी एक साल के अंतराल में केवल एक ही बार अपना यूजरनेम बदल सकते हैं।
पूरी लाइफटाइम में आप अधिकतम 3 बार ही इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे। हालांकि, गूगल आपको पुराने एड्रेस पर वापस लौटने का विकल्प भी देता है, लेकिन इसमें कुछ तकनीकी सीमाएं हैं।
ईमेल बदलने से पहले अपने एंड्रॉइड डेटा और कॉन्टैक्ट्स का बैकअप जरूर ले लें। कुछ थर्ड-पार्टी एप्स की सेटिंग्स इस बदलाव के बाद रीसेट हो सकती हैं, जिन्हें दोबारा सेट करना होगा।