क्रिकेट

बिश्नोई पर फूटा अय्यर का गुस्सा: अय्यर ने बिश्नोई पर फोड़ा हार का ठीकरा, बताया कहां चूकी टीम

जोगेन्द्र सिंह शेखावत · 05 जुलाई 2026, 12:12 दोपहर
मैनचेस्टर टी20 में हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने रवि बिश्नोई को जिम्मेदार ठहराया। बिश्नोई ने 17वें ओवर में 29 रन लुटाए, जिससे मैच का रुख पलट गया और भारत जीतते-जीतते हार गया।

Manchester | भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए, लेकिन इंग्लैंड ने एक ओवर शेष रहते ही 191 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने सीधे तौर पर तो नहीं, लेकिन इशारों में रवि बिश्नोई को हार का जिम्मेदार ठहराया।

रवि बिश्नोई बने टीम इंडिया के विलेन

इस मुकाबले में एक समय मैच पूरी तरह भारतीय टीम के पक्ष में दिख रहा था। इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी ओवरों में ज्यादा रनों की दरकार थी, लेकिन 17वें ओवर ने पूरे मैच का पासा पलट दिया।

यह ओवर स्पिनर रवि बिश्नोई डालने आए थे, जो लंबे समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने इस एक ओवर में 29 रन लुटा दिए, जिसके बाद इंग्लैंड की जीत की राह बेहद आसान हो गई।

कप्तान अय्यर ने साधा निशाना

मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार पर निराशा जताते हुए कहा कि टीम को पता है कि गलती कहां हुई। उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर बिश्नोई के महंगे ओवर की तरफ था।

मुझे लगता है कि हम सभी को पता है कि चीज कहां से बिगड़ी। मैं किसी एक खिलाड़ी का नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन 15 ओवर तक सब कुछ अच्छा था। मैच हमारे पक्ष में दिख रहा था, लेकिन अचानक मोमेंटम उनकी ओर चला गया, जिसके बाद हमारे लिए जीतना मुश्किल हो गया।

अय्यर की कप्तानी में लगातार तीसरी हार

आपको बता दें कि यह श्रेयस अय्यर की कप्ताानी में टीम इंडिया की लगातार तीसरी हार है। इससे पहले उनकी कप्तानी में भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था।

बिश्नोई के शर्मनाक आंकड़े

रवि बिश्नोई ने इस मुकाबले में अपने चार ओवर के कोटे में 60 रन लुटा दिए। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में 29 या उससे ज्यादा रन देने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज भी बन गए।

उनका प्रदर्शन आईपीएल 2026 में भी कुछ खास नहीं रहा था। पिछले दो मुकाबलों में तो वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए थे। बिश्नोई ने अब तक 46 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 64 विकेट लिए हैं और उनका इकोनॉमी रेट भी 7.50 से ऊपर रहा है।

सीरीज का अगला मुकाबला

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 7 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे शुरू होगा, जबकि पहले इसका समय शाम 7:00 बजे था।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)