नई दिल्ली | बढ़ता यातायात दबाव अब देश के प्रमुख शहरों में लोगों का सुकून और क्वालिटी टाइम तेजी से छीन रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैफिक की मार सिर्फ जेब और समय पर ही नहीं पड़ रही, बल्कि यह नागरिकों की मानसिक और शारीरिक सेहत को भी गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। सड़कों पर रेंगती गाड़ियां केवल महंगा ईंधन ही नहीं फूंक रहीं, बल्कि परिवार के हिस्से का आपसी संवाद और सुकून भी निगल रही हैं।
दिल्ली से जयपुर तक ट्रैफिक का कहर: हर साल 5 से 7 दिन जाम में बर्बाद, परिवार और सेहत दोनों दांव पर
बढ़ता ट्रैफिक जाम अब केवल समय और ईंधन की बर्बादी नहीं रहा, बल्कि यह पारिवारिक जीवन, मानसिक स्वास्थ्य और देश की अर्थव्यवस्था पर भी भारी पड़ रहा है। टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स के अनुसार भारतीय शहरों में लोग सालाना 5 से 7 दिन जाम में गंवा रहे हैं।
HIGHLIGHTS
- बेंगलुरु सबसे आगे: बेंगलुरु में लोग पीक आवर्स के दौरान साल में 168 घंटे यानी सात दिन अतिरिक्त समय ट्रैफिक में गंवाते हैं।
- आर्थिक नुकसान: चार महानगरों में जाम से सालाना करीब 22 अरब डॉलर का नुकसान होता है, जिसका उल्लेख आर्थिक समीक्षा में है।
- सेहत पर असर: जाम में अधिक हॉर्न और प्रदूषण से रोड रेज, एंग्जायटी, हाई बीपी और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं।
- शीर्ष जाम वाले देश: एशिया के 10 सबसे जाम वाले शहरों में से 6 शहर भारत के ही हैं।
संबंधित खबरें
साल में 7 दिन तक ट्रैफिक की भेंट
आंकड़े बताते हैं कि बेंगलूरु में लोग पीक आवर्स के दौरान साल में 168 घंटे यानी सात दिन अतिरिक्त समय ट्रैफिक में गंवाते हैं। वहीं, जयपुर में यह समय 121 घंटे यानी पांच दिन से ज्यादा है। पुणे में 152 घंटे, कोलकाता में 150 घंटे, चेन्नई में 132 घंटे और मुंबई में 126 घंटे अतिरिक्त समय बर्बाद होता है। राजधानी दिल्ली में भी लोग सालाना 104 घंटे जाम के कारण गंवाने को मजबूर हैं।
टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स के अनुसार, एशिया के 10 सबसे जाम वाले शहरों में छह अकेले भारत के हैं। वैश्विक स्तर पर भारत दुनिया में पांचवां और एशिया में दूसरा सबसे अधिक ट्रैफिक जाम वाला देश बन चुका है। दुनिया में पहले नंबर पर मैक्सिको सिटी है, जहां लोग सालाना 184 घंटे जाम में बिताते हैं।
अर्थव्यवस्था और जेब पर भारी बोझ
संबंधित खबरें
ट्रैफिक जाम का असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी सीधा पड़ रहा है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता इन चार महानगरों में जाम से सालाना करीब 22 अरब डॉलर का नुकसान होता है। आर्थिक समीक्षा 2025-26 में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। वहीं, सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरनमेंट की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक जाम की वजह से दिल्ली में एक अकुशल कामगार को सालाना 7,200 से 19,600 रुपए तक की चपत लग रही है।
ट्रैफिक दे रहा सेहत का रेड सिग्नल
सड़कों पर लगने वाला लंबा जाम शरीर और दिमाग दोनों को खोखला कर रहा है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति 5 गंभीर मेडिकल समस्याओं को जन्म दे रही है:
- रोड रेज और एंग्जायटी: विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक 65 डेसिबल से ऊपर का शोर हानिकारक है, जबकि भारतीय शहरों के जाम में 85 से 95 डेसिबल तक हॉर्न बजते हैं, जिससे तनाव हार्मोन (कोर्टिसोल) बढ़ता है।
- कमर और सर्वाइकल पेन: रोजाना दो घंटे से ज्यादा गाड़ी चलाने वालों में लंबर स्पोंडिलोसिस और सर्वाइकल के मरीजों में 35 फीसदी तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
- हाई बीपी और हार्ट अटैक: जाम में फंसने पर शरीर लगातार तनाव में रहता है, जिससे ब्लड प्रेशर और हृदय गति असामान्य होने लगती है।
- फेफड़ों पर जहरीला हमला: रेंगते वाहनों से सामान्य गति की तुलना में 40 से 50 फीसदी अधिक कार्बन मोनोऑक्साइड और पीएम 2.5 कण निकलते हैं, जो अस्थमा को बढ़ावा दे रहे हैं।
- अनिद्रा की समस्या: देर रात तनाव और थकान के साथ घर लौटने के कारण शरीर रिलैक्स नहीं हो पाता, जिससे शहरी युवाओं में नींद का चक्र ध्वस्त हो रहा है।
यातायात दबाव के मुख्य कारण
शहरी विशेषज्ञों का मानना है कि यातायात के इस विकट दबाव के पीछे तीन प्रमुख वजहें हैं। पहला, सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण निजी वाहनों और दोपहिया वाहनों पर निर्भरता बढ़ना। दूसरा, शहरी नियोजन की कमी, जिसके तहत आबादी और कॉलोनियां तो बढ़ीं लेकिन सड़कें और पार्किंग उसी अनुपात में विकसित नहीं हुईं। तीसरा, स्कूल, दफ्तर और बाजारों के निकलने का समय एक जैसा होना, जिससे सुबह और शाम के वक्त सड़कों पर दबाव चरम पर पहुंच जाता है।