मुंबई | इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स का विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी।
पंजाब की लगातार चौथी जीत
इस धमाकेदार जीत के साथ ही पंजाब किंग्स अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। यह पंजाब की इस सीजन में लगातार चौथी जीत है। टीम ने अब तक 5 मैचों में से 4 जीते हैं और 9 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है।
डी कॉक का शतक गया बेकार
मैच में मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने आईपीएल करियर का तीसरा शतक जड़ा। उन्होंने मात्र 53 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा किया। डी कॉक ने 60 गेंदों पर नाबाद 112 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 197 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया था। हालांकि, मुंबई के गेंदबाज इस बड़े स्कोर का बचाव करने में पूरी तरह नाकाम रहे।
पंजाब की सधी हुई बल्लेबाजी
पंजाब किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। टीम ने महज 16.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 197 रन बना लिए। कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम की जीत आसान कर दी।
अंकतालिका में बड़ा बदलाव
पंजाब की जीत से राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी को नुकसान हुआ है। आरसीबी 8 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान रॉयल्स 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है। आरसीबी का नेट रन रेट राजस्थान से बेहतर है।
सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के पास 4-4 अंक हैं। मुंबई इंडियंस 5 मैचों में सिर्फ 1 जीत के साथ नौवें और केकेआर 1 अंक के साथ दसवें स्थान पर है।
ऑरेंज और पर्पल कैप की स्थिति
फिलहाल ऑरेंज कैप विराट कोहली के पास सुरक्षित है, जिन्होंने 5 मैचों में 228 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के पास पर्पल कैप बरकरार है।