राजस्थान

सीकर: शेखावाटी में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं: आईपीएल खिलाड़ी मुकुल चौधरी

गणपत सिंह मांडोली · 18 अगस्त 2026, 04:56 दोपहर
IPL खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने सीकर में कहा कि शेखावाटी में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की जरूरत है।

सीकर। आईपीएल खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो इन प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास का अवसर देने की। उन्होंने कहा कि खेलों में कॅरियर की अपार संभावनाएं हैं और जुनून, मेहनत, अनुशासन व बेहतर योजना के साथ युवा खिलाड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
मुकुल चौधरी सोमवार को एसबीएस क्रिकहब भैरूपुरा में तीसरे क्रिकेट मैदान के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें खेल के प्रति निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने कहा कि आज के दौर में खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। यदि खिलाड़ी नियमित अभ्यास के साथ अपनी तकनीक पर काम करें और अनुशासित दिनचर्या अपनाएं तो सफलता हासिल करना संभव है। उन्होंने कहा कि अब खिलाड़ियों को क्रिकेट प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


तीसरे खेल मैदान के शुरू होने से जरूरतमंद खिलाड़ियों को निशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण के साथ अधिक मैच खेलने का अवसर भी मिलेगा। एकेडमी निदेशक विजेन्द्र पचार ने बताया कि नए मैदान के शुरू होने से एकेडमी में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को अभ्यास के साथ मैच एक्सपोजर भी अधिक मिलेगा।


कार्यक्रम में आईपीएल खिलाड़ी रामनिवास पचार, बल्लेबाजी कोच सुमित खत्री, दीपक पाठक, गजेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, सचिन चौहान, प्रशांत कुमार, अर्पित यादव, शिखा राठौर और राजेन्द्र खोखर सहित कई खेलप्रेमी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

*Edit with Google AI Studio

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)