जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना थाना इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां बदमाशों ने दिनदहाड़े एक भाजपा नेता की दुकान का ताला तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया। चोरों ने गणेश कॉलोनी, रामपुरा रोड स्थित दुकान को निशाना बनाया। यह दुकान भाजपा मंडल महामंत्री विनोद टाटीवाल की है। घटना के समय दुकान बंद थी, जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया।
लाखों की नकदी और मोबाइल चोरी
विनोद टाटीवाल ने मुहाना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे दुकान बंद कर किसी काम से गए थे। जब वह आधे घंटे बाद लौटे, तो दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपए नकद गायब थे। इसके साथ ही चोरों ने वहां रखे दो महंगे मोबाइल फोन और कुछ जरूरी कानूनी दस्तावेज भी चोरी कर लिए।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों ने इस पूरी वारदात को कैद कर लिया है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बड़ी चालाकी से दुकान के अंदर घुसते और गल्ले से पैसे निकालते हुए साफ नजर आ रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी ने बहुत ही कम समय में इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी करने के बाद वह बड़ी आसानी से मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। आसपास के अन्य रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि चोर का सुराग मिल सके।
रेकी की आशंका
फिलहाल पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि क्या बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। जिस तरह से कम समय में वारदात हुई, उससे किसी जानकार का हाथ होने का भी संदेह है। पीड़ित भाजपा नेता ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।