जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान में मिलावटखोरों के खिलाफ 'शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार' अभियान जोरों पर है। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के नेतृत्व में जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
शंकर एजेंसी पर छापेमारी
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के अनुसार, मैसर्स शंकर एजेंसी से गुलकंद सिरप, सोया सॉस और चिली सॉस के नमूने लिए गए। टीम ने यहाँ से 99 लीटर सिरप और 142 किलो सोया सॉस सीज किया।इसके साथ ही 175 किलो कस्टर्ड पाउडर और 750 किलो फलूदा को अविधपार होने के कारण मौके पर ही नष्ट करवाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
अनु मिल्क प्रोडक्ट्स पर एक्शन
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि अनु मिल्क प्रोडक्ट्स लिमिटेड में घी के नमूनों की जांच की गई। यहाँ 1422 लीटर घी सीज किया गया है। बिलौना घी का एक बैच असुरक्षित मिला है।असुरक्षित पाए गए घी के बैच नंबर 029 की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। निर्माताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस स्टॉक को बाजार में न भेजें।
शुद्धता के लिए सख्त कदम
सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को मिलावट रहित भोजन उपलब्ध कराना है। विभाग द्वारा सॉस, सिरप और पपीता प्रिजर्व फूड सहित कुल 6 सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए हैं।यह अभियान शहर के अन्य इलाकों में भी जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।