जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर में ठगी का एक शातिर मामला सामने आया है। यहां ठगों ने एक प्रतिष्ठित ज्वैलरी शोरूम के कर्मचारियों को बैंक की सील लगी नोटों की नकली गड्डियां थमाकर 15 लाख रुपए मूल्य के 100 ग्राम सोने के सिक्के हड़प लिए। आरोपियों ने बेहद चालाकी से वारदात को अंजाम दिया।
एमआई रोड स्थित जेकेजे एंड संस ज्वैलर्स के मैनेजर राजेश शर्मा ने संजय सर्कल थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, ठगों ने फोन पर संपर्क कर 5-5 ग्राम के 20 सोने के सिक्कों का ऑर्डर दिया था, जिसकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपए थी।
भीड़ का हवाला देकर रोका नोट गिनना
चांदपोल बाजार स्थित एक होटल के पास सौदा तय हुआ था। शोरूम के कर्मचारी ब्रजमोहन और मनीष शर्मा जब वहां पहुंचे, तो मनीष नाम के व्यक्ति ने उन्हें 500-500 रुपए के नोटों के तीन बंडल थमा दिए। कर्मचारियों ने जब रकम गिननी चाही, तो आरोपी ने बैंक चेस्ट की सील, पैकिंग और मौके पर भीड़ का हवाला देकर उन्हें रोक दिया। इस झांसे में आकर कर्मचारियों ने बिना पैसे गिने बैग में रख लिए और सोने के सिक्के आरोपी को सौंप दिए।
शोरूम पहुंचकर खुली पोल
कर्मचारी जब सिक्के देकर वापस शोरूम पहुंचे और नोटों की गड्डियां खोलीं, तो उनके होश उड़ गए। गड्डियों के ऊपर और नीचे तो असली नोट थे, लेकिन बीच में कोरे कागज भरे हुए थे। ठगी का अहसास होते ही तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
कॉल और नंबर बदलकर बिछाया जाल
जांच में सामने आया कि 6 नवंबर को दोपहर के वक्त फर्म के नंबर पर एक कॉल आया था। इसके बाद लगातार फोन और वॉट्सऐप के जरिए बातचीत होती रही। सौदा तय होने के बाद खरीदार ने भुगतान और माल लेने के लिए आकाश जैन और मनीष जैसे अलग-अलग व्यक्तियों के मोबाइल नंबर देकर कर्मचारियों को लोकेशन पर भेजा था। पुलिस अब कॉल डिटेल, वॉट्सऐप चैट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर गिरोह की सुरागकशी में जुटी है।