राजनीति

जयंती पर डोटासरा का भाजपा पर हमला: पं. नेहरू की जयंती पर डोटासरा का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- सरकार हर मोर्चे पर विफल

Pradeep Beedawat · 14 नवम्बर 2026, 02:25 दोपहर
जयपुर में प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर नेहरू के योगदान को बदनाम करने और प्रदेश में कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया।

जयपुर |  देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में एक पुष्पांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेसजनों के साथ पं. नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।

स्वर्णिम भारत के निर्माता थे पं. नेहरू

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जब देश लंबे समय तक पराधीन रहने के कारण सुई भी नहीं बनाता था, तब पं. जवाहरलाल नेहरू ने देश की बागडोर संभालकर शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाएं और उद्योग स्थापित किए। आधुनिक और स्वर्णिम भारत का श्रेय पं. नेहरू को ही जाता है।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए पं. नेहरू ने करीब 10 साल जेल में बिताए। उनके कार्यकाल में आईआईटी, एम्स और भाखड़ा बांध जैसे बड़े उपक्रम बने, जिनकी चर्चा आज भी पूरी दुनिया में होती है।

भाजपा पर साधा निशाना

डोटासरा ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में देश के प्रधानमंत्री और भाजपा यदि किसी को सर्वाधिक कोसते हैं, तो वह पं. जवाहरलाल नेहरू हैं। यह भाजपा का उनके अच्छे कार्यों को बदनाम करने का एक षड्यंत्र है, जिसे देशवासी कभी भुला नहीं सकते।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजस्थान में जब-जब कांग्रेस सरकार आई, तब-तब जनता के कल्याण के लिए ऐतिहासिक योजनाएं और कानून बनाए गए, जबकि भाजपा की सोच केवल धार्मिक उन्माद फैलाने और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग तक सीमित है।

 

भ्रष्टाचार और लचर कानून व्यवस्था पर घेरा

वर्तमान भजनलाल सरकार पर हमला बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। मिड-डे-मील घोटाले हो रहे हैं और बच्चों तक पोषाहार नहीं पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि राजधानी में सरेआम गैंगस्टर नृशंस हत्याएं कर रहे हैं, व्यापारियों से फिरौती वसूली जा रही है, लेकिन सरकार का ध्यान कानून व्यवस्था सुधारने के बजाय अपनी सत्ता बचाने पर है। कांग्रेस पार्टी पंचायत चुनावों के बाद इस कुशासन और बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरे प्रदेश में एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)