जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक ऐसी चोरी की खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक रिटायर्ड डॉक्टर के घर में सेंधमारी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उनके सबसे भरोसेमंद नौकर ने की। यह मामला जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके का है। यहां रहने वाले 78 वर्षीय रिटायर्ड डॉक्टर प्रभाकर सेठी ने अपनी पोती की उच्च शिक्षा के लिए मोटी रकम जमा की थी। उन्हें लगा कि बैंक से ज्यादा सुरक्षित घर का किचन रहेगा। डॉक्टर ने करीब 50 लाख रुपये नकद घर की रसोई में रखे मसालों के डिब्बों के पीछे और अंदर छिपा दिए थे। उन्हें उम्मीद थी कि चोरों की नजर कभी मसालों के डिब्बों तक नहीं पहुंचेगी, लेकिन उनके घर का 'वफादार' सब देख रहा था।
10 साल का भरोसा और सीसीटीवी का एक्सेस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नौकर सुमित खेतान पिछले 10 सालों से डॉक्टर के घर में काम कर रहा था। वह बीए पास है और उसे 30 हजार रुपये महीना सैलरी मिलती थी। परिवार उस पर इतना भरोसा करता था कि घर के सीसीटीवी कैमरों का मोबाइल एक्सेस भी उसे दे रखा था। सुमित ने अपने मोबाइल पर देखा कि डॉक्टर साहब किचन में कुछ छिपा रहे हैं। जब उसने गौर से देखा तो उसे भारी मात्रा में कैश नजर आया। बस यहीं से उसके मन में लालच आ गया और उसने चोरी की एक बड़ी साजिश रच डाली। आरोपी सुमित जानता था कि अगर वह एक साथ सारा पैसा निकाल लेगा तो तुरंत पकड़ा जाएगा। इसलिए उसने बहुत ही शातिर तरीके से इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई ताकि किसी को शक न हो।
किचन की नौकरानी को बनाया साझेदार
अकेले पकड़े जाने के डर से सुमित ने घर में खाना बनाने वाली नौकरानी सीमा सैनी को भी अपने साथ मिला लिया। उसने सीमा को लालच दिया कि अगर वे मिलकर पैसे चुराएंगे, तो कभी पकड़े नहीं जाएंगे। दोनों ने धीरे-धीरे पैसे निकालना शुरू किया। चोरी का तरीका बेहद शातिर था। वे एक साथ सारा पैसा नहीं निकालते थे। सुमित हर दिन करीब एक लाख रुपये निकालता था ताकि मालिक को कमी का अहसास न हो। करीब 20 से 22 दिनों तक यह सिलसिला चलता रहा। सुमित और सीमा मिलकर किचन से पैसे पार करते रहे। सुमित इन पैसों को अपने घर ले जाकर एक लोहे के बक्से में सुरक्षित रखता था।
बेटे को भी बनाया अपराध का हिस्सा
चोरी को डकैती का रूप देने के लिए सुमित ने अपने नाबालिग बेटे का भी इस्तेमाल किया। उसने अपने बेटे से कहा कि वह रात के समय घर की खिड़की का कांच पत्थर मारकर तोड़ दे। 24 फरवरी की रात को ऐसा ही हुआ। खिड़की का कांच टूटा देख डॉक्टर को लगा कि किसी ने चोरी की कोशिश की है। सुमित ने अगली सुबह आकर ऐसा माहौल बनाया जैसे वह भी बहुत डरा हुआ है। डॉक्टर को लगा कि बाहर से किसी ने पत्थर फेंका है, इसलिए उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट नहीं की। सुमित की यह चाल कामयाब रही और घर के लोग बाहरी खतरे की बात सोचने लगे, जबकि दुश्मन अंदर ही था।
मॉल में शॉपिंग और महंगे होटलों में खाना
चोरी के पैसे आते ही सुमित की लाइफस्टाइल पूरी तरह बदल गई। वह जो कल तक साधारण कपड़े पहनता था, अब मॉल से महंगे ब्रांडेड कपड़े खरीदने लगा। वह बड़े होटलों में पार्टियां करने लगा। सुमित की इस बदली हुई चाल-ढाल ने पुलिस का ध्यान खींचा। जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो कॉन्स्टेबल रामावतार को सुमित की फिजूलखर्ची के बारे में पता चला। एक मामूली नौकर की इतनी महंगी लाइफस्टाइल संदिग्ध थी। पुलिस की टीम ने सुमित पर नजर रखना शुरू कर दिया। वे सादे कपड़ों में उसके पीछे लगे रहे। उन्हें पता चला कि वह हर रोज हजारों रुपये उड़ा रहा है, जबकि उसकी सैलरी महज 30 हजार थी।
पालतू कुत्ते की मौत से खुला राज
इस पूरी कहानी में एक नया मोड़ तब आया जब डॉक्टर के 4 महीने के पालतू कुत्ते 'सेंट बरनार्ड' की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कुत्ता पूरी तरह स्वस्थ था, इसलिए उसकी मौत ने डॉक्टर को चौंका दिया। अनहोनी की आशंका में डॉक्टर सेठी तुरंत किचन की ओर भागे। जब उन्होंने मसालों के डिब्बे चेक किए, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वहां रखे पूरे 50 लाख रुपये गायब थे। इसके बाद 26 मार्च को उन्होंने सांगानेर सदर थाने में मामला दर्ज कराया। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और जांच शुरू की।
पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी
पुलिस ने जब सुमित को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल पाया। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी कहानी पुलिस को बता दी। पुलिस ने सुमित के घर से 33 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। बाकी के 17 लाख रुपये की रिकवरी के लिए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सीमा सैनी को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि सुमित ने सीसीटीवी कैमरों को चकमा देने के लिए बाकायदा टेक्नीशियन से जानकारी ली थी। उसने सीख लिया था कि रिकॉर्डिंग कैसे बंद की जाती है ताकि उसकी चोरी पकड़ी न जाए। डॉक्टर सेठी ने बताया कि उन्होंने सुना था कि किचन में पैसा रखना शुभ होता है, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका वफादार ही गद्दार निकलेगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।