जयपुर | राजधानी जयपुर में जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को कालवाड़ रोड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश, युवराज, अनीश और दिनेश के रूप में हुई है। एडीसीपी राजेश कुमार गुप्ता इस मामले का खुलासा कर रहे हैं।
बुधवार रात को दिया था वारदात को अंजाम
यह दुस्साहसिक वारदात बुधवार रात कालवाड़ रोड स्थित रावण गेट क्षेत्र में हुई थी। दो गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने पहले कैंपर से विजय की कार को टक्कर मारकर रोका। इसके बाद जान बचाने के लिए भागे विजय का पीछा कर उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
विशेष टीम ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
घटना के बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन और एसीपी शिवकुमार भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाकर चारों आरोपियों को कालवाड़ रोड से दबोच लिया। वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें बदमाश सवा मिनट तक सड़क पर बेखौफ हमला करते दिखे।
रंजिश और 7007 गैंग पर टिकी नजर
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक विजय पर वर्ष 2019 में तिबारियां निवासी कैलाश की हत्या का आरोप था और वह जेल भी जा चुका था। इस मामले में 7007 गैंग का नाम भी सामने आया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य साजिशकर्ता और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।