राजस्थान

ऑटो रिक्शा में गूंजी किलकारी: जालोर में अस्पताल पहुंचने से पहले ऑटो में हुआ प्रसव, तीन बुजुर्ग महिलाओं ने कराई सुरक्षित डिलीवरी

ललित पथमेड़ा · 15 नवम्बर 2026, 01:08 दोपहर
जालोर में अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला ने ऑटो रिक्शा में बच्चे को जन्म दिया। पिछोला बेरे के पास तीन बुजुर्ग महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

जालोर | अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला ने ऑटो रिक्शा में बच्चे को जन्म दे दिया। इस दौरान पिछोला बेरे के पास मौजूद तीन बुजुर्ग महिलाओं ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। बाद में निजी एम्बुलेंस की मदद से जच्चा-बच्चा को जालोर के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH सेंटर) पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आहोर निवासी 26 वर्षीय रेखा देवी जोशी पत्नी कमलेश ब्राह्मण को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन ऑटो रिक्शा से जालोर स्थित MCH सेंटर लेकर आ रहे थे। रास्ते में पिछोला बेरे के पास रात करीब 8 बजे महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों को ऑटो रिक्शा एक बेरे पर रोकना पड़ा।

तीन महिलाओं ने दिखाई सूझबूझ

इस संकट के समय बेरे पर मौजूद सुखी देवी, नेनु देवी और पवनी देवी ने बिना घबराए प्रसव कराने में मदद की। तीनों महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए रात करीब 8:08 बजे रेखा देवी की सुरक्षित डिलीवरी कराई। मौके पर मौजूद ओमप्रकाश माली ने तुरंत निजी एम्बुलेंस संचालक दिनेश कुमार माली को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा को सुरक्षित जालोर के MCH सेंटर पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

तीसरी संतान है नवजात

रेखा देवी का यह तीसरा बच्चा है। इससे पहले उनके परिवार में 10 वर्षीय बेटी कीर्ति कुमारी और 7 वर्षीय बेटा महावीर हैं। अस्पताल में महिला विशेषज्ञ डॉ. चम्पालाल माली की देखरेख में मां और नवजात का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)