सिरोही/रेवदर | जालौर और सिरोही क्षेत्र में चारे-पानी के गंभीर संकट से जूझ रहे पशुपालकों के लिए अभिनव ब्रजमंडल नंदगांव उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। गुजरात और हरियाणा में भटकने के बाद 100 से अधिक परिवारों ने गोऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराजश्री से मदद की गुहार लगाई थी।
4 हजार गोवंश के लिए भोजन और आश्रय
महाराजश्री ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए संस्थान को तत्काल सहायता के निर्देश दिए। इसके तहत 4 हजार गोवंश के लिए चारे-पानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही, इन परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया गया है, जिससे पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है।
शिक्षा और आर्थिक संबल की पहल
संस्थान ने केवल गोवंश की चिंता नहीं की, बल्कि गोपालकों के बच्चों की शिक्षा के लिए निशुल्क व्यवस्था भी की है। इसके अतिरिक्त, आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उनके गोवंश से प्राप्त दूध को 45 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदने का निर्णय लिया गया है।
15 हजार गोवंश आने की संभावना
संकट की गंभीरता को देखते हुए नंदगांव में अस्थायी राहत शिविर तैयार किया गया है। आने वाले समय में यहां 15 हजार से अधिक गोवंश के पहुंचने की संभावना है। संस्थान ने जिला कलेक्टर सिरोही को पत्र लिखकर स्थिति और की गई व्यवस्थाओं से अवगत करा दिया है।