भारत

कुलगाम में CRPF कैंप पर हमला: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, 3 CRPF जवान घायल, 30 राउंड फायरिंग

desk · 11 नवम्बर 2026, 06:23 शाम
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF कैंप पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

श्रीनगर | जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर एक बार फिर आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप पर नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस अचानक हुए आतंकी हमले में CRPF के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

15 सेकंड में दागी गईं 30 गोलियां

इस आतंकी हमले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के मुताबिक, हमलावर बेहद शातिराना अंदाज में आए और महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग की। घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की बताई जा रही है।

घायल जवानों के नाम और अस्पताल

फायरिंग की इस घटना में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हुए हैं। इनकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के रूप में हुई है। एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। गंभीर हालत में उन्हें पहले सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अनंतनाग में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया गया।

सुरक्षाबलों ने की इलाके की घेराबंदी

घटना के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। CRPF के IG ने अनंतनाग पहुंचकर घायल जवानों का हाल जाना और पूरी घटना की जानकारी ली। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में चौकसी और अधिक बढ़ा दी है।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)