राजस्थान

JNVU में छात्र पर जानलेवा हमला: JNVU में छात्र पर लोहे की रॉड से हमला, नाक की हड्डी टूटी

desk · 23 अगस्त 2026, 10:48 दोपहर
जोधपुर के JNVU कैंपस में देर रात एक छात्र पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। पीड़ित की नाक की हड्डी टूट गई और सिर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जोधपुर |जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी (JNVU) के न्यू कैंपस में एक छात्र पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्र पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भगत की कोठी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

JNVU कैंपस में देर रात मारपीट

यह घटना देर रात करीब 2 बजे की है। मामले में बाड़मेर के धोरीमन्ना निवासी राजूराम (28) पुत्र हरजीराम विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जो वर्तमान में जोधपुर के पावटा में रहता है।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, राजूराम जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी का छात्र है। वह रात में अपने दोस्तों के साथ यूनिवर्सिटी के नया परिसर में बैठा हुआ था।

लोहे की रॉड से जानलेवा हमला

रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान प्रकाश गोदारा नामक एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचा। उसने आते ही जान से मारने की नीयत से राजूराम पर हमला कर दिया।

आरोपी प्रकाश ने बिना किसी उकसावे के राजूराम के सिर, गर्दन और नाक पर लोहे की रॉड से कई वार किए। इस अचानक हुए हमले से वहां मौजूद अन्य लोग भी सहम गए।

गंभीर चोटें, नाक की हड्डी टूटी

इस हमले में पीड़ित राजूराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाक और अंदर की हड्डी टूट गई। उसे लहूलुहान हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाक पर 7 टांके आए हैं।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रकाश गोदारा ने मारपीट के साथ-साथ उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसकी बाइक में भी तोड़फोड़ की। इससे उसे करीब 15 से 20 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हेड कॉन्स्टेबल करनाराम ने बताया कि पीड़ित युवक की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को पहले से जानता है। उसने यह भी बताया कि आरोपी प्रकाश यूनिवर्सिटी का छात्र नहीं है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। वह अक्सर कैंपस में दादागिरी करता है और घटना के दिन भी उसने झगड़ा किया था।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)