जोधपुर | जोधपुर के शिकारपुरा स्थित श्रीराजाराम आश्रम में कल से चार दिवसीय 'मरूनिनाद' कार्यक्रम का भव्य आगाज होने जा रहा है। इस शिविर में जोधपुर प्रांत के विभिन्न जिलों से आने वाले करीब 5 हजार स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे और चार दिनों तक यहीं निवास करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को पिछले एक महीने से 500 से अधिक स्वयंसेवक अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
रोजाना होगा घोष वंदन और अभ्यास
श्रीराजाराम आश्रम में कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से विशाल मैदान और मंच तैयार किया गया है। यहां जोधपुर प्रांत के स्वयंसेवक प्रतिदिन 6 से 7 घंटे तक घोष वंदन की रिहर्सल करेंगे। इस दौरान स्वयंसेवक विभिन्न घोष रचनाएं भी तैयार करेंगे, जिनका भव्य प्रदर्शन 15 नवंबर को समापन समारोह के दिन किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था और ठहरने के कड़े इंतजाम
बुधवार से ही प्रांत के विभिन्न जिलों से स्वयंसेवकों का आगमन शुरू हो जाएगा। इनके ठहरने के लिए आश्रम में बने तीन अलग-अलग बड़े हॉलों में व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। शिविर परिसर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और प्राथमिक चिकित्सा पर विशेष जोर दिया गया है, साथ ही अनुशासन बनाए रखने के लिए शिविरार्थियों के मोबाइल फोन भी जमा किए जाएंगे।
14 नवंबर को निकलेगा भव्य घोष संचलन
कार्यक्रम के तहत आगामी 14 नवंबर को शाम 4 बजे शहर में भव्य घोष संचलन निकाला जाएगा। यह संचलन एक साथ तीन निर्धारित मार्गों से रवाना होगा और लगभग 50 मिनट की यात्रा के बाद अपने निश्चित स्थान पर पहुंचेगा।
प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने दी जानकारी
जोधपुर प्रांत के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने बताया कि श्री राजाराम आश्रम में आयोजित होने वाले इस वर्ग में व्यवस्था, शिक्षण और प्रबंधन संभालने के लिए 500 शिक्षक और अधिकारी शिविर परिसर में ही मौजूद रहेंगे।
15 नवंबर को होगा मुख्य समापन समारोह
इस चार दिवसीय महाआयोजन का समापन 15 नवंबर को होगा। समापन समारोह के मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत होंगे, जो इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहकर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे।