राजस्थान

लूणकरनसर: कोर्ट के आदेश के बावजूद पटाखा बाजार, SDM पर गंभीर आरोप

महेन्द्रसिंह शेखावत · 05 नवम्बर 2026, 04:51 दोपहर
लूणकरनसर में भूमि विवाद को लेकर न्यायालय के आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। परिवादी ने एसडीएम और नगर पालिका ईओ पर पट्टाशुदा भूमि पर अवैध रूप से पटाखा बाजार लगवाने का आरोप लगाया है।

बीकानेर | लूणकरनसर में भूमि विवाद से जुड़े न्यायालयीन आदेशों की अवहेलना का मामला सामने आया है। एक परिवादी ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर एसडीएम दयानंद रुयल और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भवानी दान चारण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि अधिकारियों ने कोर्ट के आदेशों को दरकिनार कर निजी भूमि पर पटाखा बाजार लगवा दिया।

न्यायालय के आदेशों की अनदेखी

परिवादी के अनुसार, एडीजे संख्या-4 के प्रकरण संख्या 329/2025 और राजस्थान हाईकोर्ट की एसबी सिविल रिट याचिका संख्या 10888/2026 में स्पष्ट रूप से यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद, उसकी संयुक्त परिवार की पट्टाशुदा भूमि पर अस्थायी पटाखा बाजार के लिए टेंट खड़े कर दिए गए।

अधिकारियों को पहले ही दी थी सूचना

परिवादी ने दावा किया है कि उसने संबंधित अधिकारियों को ईमेल, व्हाट्सएप और स्पीड पोस्ट के माध्यम से न्यायालयीन आदेशों की प्रति भेजकर अवगत कराया था। इसके बावजूद मौके पर निर्माण कार्य जारी रहा। परिवादी ने साक्ष्य के रूप में जीपीएस कैमरे से ली गई तस्वीरें भी प्रशासन को उपलब्ध कराई हैं। अब देखना यह है कि जिला कलेक्टर इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)