सीकर | राजस्थान सरकार की महिला एवं बाल विकास और PWD राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार आज सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी पहुंचीं। यहां उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई और करीब 4 मिनट तक विधि-विधान से पूजा की।
बाबा श्याम से मांगी विपक्ष की सद्बुद्धि
मंत्री बाघमार ने मंदिर में स्वास्तिक बनाया और मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने बाबा से प्रार्थना की है कि वे विपक्ष को सद्बुद्धि दें।
महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष को घेरा
डॉ. बाघमार ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए यह ऐतिहासिक बिल लाई है।विपक्ष द्वारा इसे रोकने की कोशिश करना देश की करोड़ों महिलाओं का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में देश की नारी शक्ति इस अपमान का मुंहतोड़ जवाब देगी।
खाटूश्यामजी के विकास का वादा
मंदिर कमेटी के सदस्यों ने मंत्री का श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। बाघमार ने क्षेत्र के विकास पर भी अपनी बात रखी।उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार खाटूश्यामजी के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले दिनों में यहां के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।