भारत

मदर डेयरी दूध महंगा: मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ाए दूध के दाम, फुल क्रीम दूध हुआ 76 रुपए लीटर

desk · 11 नवम्बर 2026, 07:07 शाम
दिल्ली-एनसीआर के उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देते हुए मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। बढ़ी हुई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी, जिससे फुल क्रीम दूध अब 76 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।

नई दिल्ली | दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले आम नागरिकों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। मदर डेयरी ने अपने दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। कंपनी की ओर से घोषित की गई ये नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से पूरे क्षेत्र में लागू हो जाएंगी। इस बढ़ोतरी से लगभग सभी प्रमुख दूध श्रेणियों के दाम प्रभावित हुए हैं।

खरीद लागत बढ़ने के कारण बढ़ाए गए दाम

कंपनी के अनुसार, किसानों से दूध की खरीद लागत में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी बढ़ी हुई लागत का दबाव संभालते हुए कंपनी ने उपभोक्ताओं तक कीमतें आंशिक रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, इस मूल्य वृद्धि को लेकर मदर डेयरी के आधिकारिक प्रवक्ता की ओर से विस्तृत टिप्पणी करने से फिलहाल इनकार कर दिया गया है।

फुल क्रीम दूध हुआ 76 रुपए लीटर

कीमतों में संशोधन के बाद अब दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में फुल क्रीम दूध 72 रुपए के बजाय 76 रुपए प्रति लीटर के भाव पर मिलेगा। इस श्रेणी में सबसे अधिक 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अन्य श्रेणियों में भी 2 से 4 रुपए तक का इजाफा किया गया है, जिससे घरेलू रसोई का बजट सीधे तौर पर प्रभावित होगा।

मई 2026 में भी बढ़े थे दाम

गौरलतब है कि मदर डेयरी ने इससे पहले इसी साल 14 मई 2026 को भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उससे पहले अप्रैल 2025 में दाम बढ़ाए गए थे। पिछले कुछ महीनों में अंतराल पर कीमतों के बढ़ने से उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

प्रतिदिन 35 लाख लीटर दूध की होती है बिक्री

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मदर डेयरी प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है। यह कंपनी अकेले दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है। वहीं, पूरे देश में इसकी कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। कंपनी अपनी आय का 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)