thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 📍 राज्य 📰 लाइफ स्टाइल 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 📰 जालोर 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 📰 मनचाही ▶️ YouTube
राजस्थान

नंदगांव: गोसेवकों ने लौटाए 29 लाख: नंदगांव गोपाष्टमी: सीमांत क्षेत्र में अकाल पीड़ित गोवंश के लिए 800 गाड़ी चारे की घोषणा

गणपत सिंह मांडोली

नंदगांव में गोपाष्टमी के अवसर पर आयोजित गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा की बैठक में अकाल प्रभावित गोवंश के लिए 800 गाड़ी चारे और 10 ट्यूबवेल की घोषणा की गई। गोसेवकों ने अपनी सम्मान राशि का बड़ा हिस्सा गोसेवा के लिए समर्पित किया।

+Follow us
thinQ360 को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

HIGHLIGHTS

  • गोपाष्टमी पर 2135 गोसेवकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 29.65 लाख रुपये गोसेवा के लिए दान किए।
  • सीमांत क्षेत्र में अकाल से जूझ रहे गोवंश के लिए 800 गाड़ी सूखे चारे की व्यवस्था की जाएगी।
  • पानी की स्थायी समस्या हल करने के लिए 10 ट्यूबवेल खोदे जाएंगे, जिनमें से दो का कार्य शुरू हो चुका है।
  • महाराष्ट्र के जलगांव में 10 हजार गोवंश क्षमता वाली 'श्री पांडुरंग पथमेड़ा गोकुलम' गोशाला का शुभारंभ हुआ।
nandgaon gopashtami cow relief fund

रेवदर | नंदगांव में गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। गोऋषि स्वामी दत्त शरणानंद जी महाराज के सानिध्य में हुई इस बैठक में सीमांत क्षेत्रों में अकाल की मार झेल रहे निराश्रित गोवंश के लिए राहत कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई।

गोसेवकों का त्याग: सम्मान राशि गोमाता को समर्पित

गोपाष्टमी समारोह में 2135 गोसेवकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कुल 40 लाख 2 हजार 100 रुपये की सम्मान राशि वितरित की गई। कार्यक्रम का सबसे प्रेरक क्षण तब आया जब गोसेवकों ने अपनी सम्मान राशि में से 29 लाख 65 हजार 800 रुपये स्वेच्छा से अकाल पीड़ित गोवंश की सेवा के लिए वापस दान कर दिए। यह त्याग गोसेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

800 गाड़ी चारे का संकल्प

बैठक में चारे के संकट को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर घोषणाएं की गईं। भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने 500 ट्रक, न्यास के प्रथम अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने 200 गाड़ी और वर्तमान अध्यक्ष राकेश बिंदल ने 100 गाड़ी सूखा चारा देने का संकल्प लिया। अब तक 11 गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं।

थिंक 360 ने उठाया था यह प्रकरण

गौरतलब है कि इस मामले को ​थिंक 360 ने ही सबसे पहले उठाया था और ध्यान आकर्षित किया था। इसके बाद 4000 गौवंश और परिवारों को संत का आश्रय मिला था। इसके बाद अब आगे आते हुए यह कदम उठाया गया है।

थिंक ने ग्राउण्ड रिपोर्ट के माध्यम से बताया था कि अकाल से बदहाल जालोर-सिरोही के पशुपालक चारे-पानी के लिए गुजरात तक भटक रहे हैं। थिंक ने चेताया था कि मारवाड़ में सूखा संकट के बीच चुनावों में व्यस्त सरकार को सुध नहीं ले रही। ऐसे समय में जब प्रशासनिक स्तर पर राहत की कमी और चुनावी व्यस्तताओं के बीच पशुपालक बेहाल थे, तब पथमेड़ा की शाखा श्री मनोरमा गोलोक तीर्थ, नंदगांव उम्मीद की किरण बनकर सामने आया था। गो ऋषि स्वामी दत्तशरणानंद महाराज के निर्देश पर नंदगांव में 4,000 से अधिक गौवंश के लिए चारा, पानी और आश्रय की तत्काल व्यवस्था की गई। जबकि आने वाले दिनों में यह संख्या 15,000 से 20,000 तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही। इसके साथ ही पशुपालक परिवारों के रहने, बच्चों की गुरुकुल में निशुल्क शिक्षा और आर्थिक संबल के लिए 45 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीद की भी व्यवस्था की गई। संस्था ने सिरोही कलेक्टर को पत्र लिखकर जमीनी हालात से अवगत कराते हुए सरकारी मदद की मांग की थी।

पेयजल के लिए 10 ट्यूबवेल की योजना

पथमेड़ा की टीम द्वारा किए गए सर्वे के अनुसार, सीमांत क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है। इसके समाधान के लिए 10 ट्यूबवेल की आवश्यकता चिह्नित की गई है। इनमें से दो ट्यूबवेल पर काम शुरू हो चुका है, जबकि शेष आठ के लिए भी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

अकाल जैसी विभीषिका में गोसेवा करना एक स्वर्णिम अवसर है। सीमांत क्षेत्र के लोगों का पथमेड़ा के प्रति विश्वास बढ़ा है और हम गोमाता के लिए सार्थक प्रयास जारी रखेंगे। - राधाकिशन जी महाराज, कार्यकारी संरक्षक

महाराष्ट्र में नया गोसेवा प्रकल्प

बैठक में जानकारी दी गई कि महाराष्ट्र के जलगांव में 'श्री पांडुरंग पथमेड़ा गोकुलम' गोशाला का शुभारंभ हुआ है। यह पथमेड़ा का अब तक का सबसे बड़ा प्रकल्प है, जिसमें 10 हजार से अधिक गोवंश को आश्रय और सेवा प्रदान की जाएगी। बैठक में अनेक संत और गोभक्त उपस्थित रहे।

शेयर करें: