बारां | नहरगढ़ के वन विभाग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पिछले एक सप्ताह से फरार चल रहे नरेश मीणा का एक नया वीडियो सामने आया है। पुलिस की तमाम सुरक्षा व्यवस्था और दबिश के बीच वह बारां के बड़ोदिया गांव में अचानक एक चुनावी सभा में पहुंचा और ग्रामीणों को संबोधित किया।
बाइक से पहुंचा गांव और की अपील
जानकारी के अनुसार, नरेश मीणा बीती रात बाइक पर सवार होकर बड़ोदिया गांव पहुंचा। जैसे ही समर्थकों और ग्रामीणों को उसके आने की भनक लगी, लोग उसके आसपास एकत्र हो गए। इस दौरान उसने बिना किसी डर के भीड़ को संबोधित किया और आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की। सभा को संबोधित करने के तुरंत बाद वह वहां से वापस रवाना हो गया।
एक सप्ताह से चल रहा है सर्च अभियान
नहरगढ़ स्थित वन विभाग कार्यालय में 1 नवंबर को हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना के बाद से ही नरेश मीणा पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बारां जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस पिछले एक सप्ताह से लगातार सर्च अभियान चला रही है। पुलिस अब तक एक दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है, लेकिन उसका कोई आधिकारिक सुराग हाथ नहीं लगा है।
मोबाइल के जरिए भी कर चुका है प्रचार
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी से बच रहे नरेश मीणा की चुनाव प्रचार से जुड़ी गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले वह कुछ स्थानों पर मोबाइल फोन के जरिए भी लोगों की सभाओं को संबोधित कर चुका है। अब बड़ोदिया गांव पहुंचकर प्रत्यक्ष रूप से सभा करने का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
एक तरफ पुलिस महकमा आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापे मार रहा है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य आरोपी का इस तरह खुलेआम चुनावी सभा में पहुंच जाना पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उनकी ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।