PM मोदी करेंगे 'नशामुक्त युवा' अभियान का शुभारंभ
आबूरोड | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रव्यापी शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम देश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर देशभर में एक साथ हजारों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय शांतिवन सहित विभिन्न रिट्रीट सेंटरों पर किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ सकें।
10 करोड़ लोगों को शपथ दिलाने का लक्ष्य
ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने इस महाअभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान का लक्ष्य 2 से 20 अगस्त तक 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाना है।
इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देशभर में फैले छह हजार से अधिक सेवाकेंद्रों और 50 हजार राजयोग शिक्षा केंद्रों तथा पाठशालाओं का उपयोग किया जाएगा।
इन केंद्रों के माध्यम से स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, उद्योगों, सामाजिक संगठनों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देशभर में होंगे मेगा इवेंट्स
अभियान के तहत देश के प्रमुख स्थानों पर बड़े कार्यक्रम (मेगा इवेंट) भी आयोजित होंगे। इनमें शांतिवन, अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी और गोवा शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों में संबंधित राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी वर्चुअली सभा को संबोधित करेंगे।
डिजिटल प्रणाली से होगी मॉनिटरिंग
इस विशाल अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष क्यूआर कोड आधारित डिजिटल प्रणाली विकसित की गई है।
इस प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक कार्यक्रम का लाइव डाटा संकलित किया जाएगा और उसे भारत सरकार को सौंपा जाएगा।
संस्थान के मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में ब्रह्माकुमारीज़ ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से 30,775 कार्यक्रमों के माध्यम से 3.16 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया है।