नई दिल्ली | दीवाली और फेस्टिव सीजन के बाद लगातार कई दिनों तक तली-भुनी चीजें, ज्यादा मीठा और अनियमित खानपान का सीधा असर हमारे पाचन तंत्र और एनर्जी level पर पड़ता है। त्योहार खत्म होते ही शरीर भारी, सुस्त और आलस से भरा हुआ महसूस होने लगता है। इस दौरान शरीर में टॉक्सिन्स जमा हो जाते हैं और ब्लड शुगर ऊपर-नीचे होने लगता है। NHS के मुताबिक, ऐसे में शरीर को वापस ट्रैक पर लाना बेहद जरूरी है।
फेस्टिव सीजन के बाद अचानक से खाना पूरी तरह बंद करना या बहुत सख्त डाइट अपनाना खतरनाक साबित हो सकता है। जरूरत इस बात की है कि पेट को थोड़ा आराम दिया जाए। दिन की शुरुआत एक गिलास गुनगुने पानी से करें। नाश्ते में ओट्स, दलिया, पोहा या ताजे फल लें।
डिटॉक्स ड्रिंक्स और सात्विक भोजन
दिनभर में हर्बल टी, पुदीने का पानी या नारियल पानी पिएं। यह शरीर से एक्स्ट्रा सोडियम और टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करते हैं। दोपहर और रात के खाने में खिचड़ी, मूंग दाल, उबली हुई सब्जियां और पतली दाल को शामिल करें ताकि पेट पर जोर न पड़े।
पानी और फाइबर का महत्व
डब्ल्यूएचओ और एनआईडीडीके के मुताबिक, त्योहारों के दिनों में पानी का सेवन कम हो जाता है और फाइबर की भारी कमी हो जाती है, जिससे कब्ज की समस्या शुरू होती है। कम से कम 8 से 10 गिलास पानी रोज पिएं। हरी पत्तेदार सब्जियां और सलाद आपके पाचन तंत्र को मजबूत करते हैं।
क्रैश डाइट से क्यों बचें?
अक्सर लोग बढ़ा हुआ वजन देखकर घबरा जाते हैं और क्रैश डाइट अपना लेते हैं। इससे चक्कर आना, कमजोरी और बाल झड़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। भूखे रहने से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। सेहतमंद तरीके से घटाया गया वजन ही लंबे समय तक टिकता है।