जयपुर | आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 में शामिल होने के लिए दुनिया भर के प्रवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के लिए अब तक 32 देशों से 4 हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। तीन दिवसीय यह आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक जयपुर में होगा।
जेईसीसी में होगा मुख्य कार्यक्रम
इस तीन दिवसीय महाकुंभ का मुख्य कार्यक्रम 10 दिसंबर को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित किया जाएगा। विदेश से रजिस्ट्रेशन कराने वालों में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सबसे आगे है। इसके अलावा सिंगापुर, मॉरीशस, अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, बहरीन, बेल्जियम और कनाडा के लोग भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। वहीं देश के राज्यों में बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए हैं।
8 दिसंबर से शुरू होंगे सांस्कृतिक और कारोबारी सत्र
कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को शेखावाटी हेरिटेज मीट के साथ होगी। इसके बाद 9 दिसंबर को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निवेश संवर्धन ब्यूरो के आयुक्त नीलाभ सक्सेना ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, कारोबार और निवेश का फायदा प्रदेश के विकास के लिए लेना है। मात्र तीन सप्ताह में 4 हजार से ज्यादा आवेदन मिलना प्रवासियों के उत्साह को दर्शाता है।
छह विषयों पर होंगे विशेष सत्र
मुख्य कार्यक्रम के दौरान पर्यटन, शहरी विकास, उद्योग, ऊर्जा और खनन समेत कुल 6 प्रमुख विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें राजस्थान में निवेश और कारोबार के नए अवसरों को लेकर मंथन होगा। इस आयोजन में विभिन्न देशों और राज्यों से आए कारोबारी, निवेशक, विशेषज्ञ और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हो रहे हैं। इस वृहद आयोजन को प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग, राजस्थान फाउंडेशन, निवेश संवर्धन ब्यूरो और उद्योग विभाग मिलकर संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं।