धर्मशाला: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज आज (13 जून) से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम, धर्मशाला में दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा। हालांकि मैच से पहले मौसम ने खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग और AccuWeather की ताजा रिपोर्ट के अनुसार धर्मशाला में मैच के दौरान बारिश की प्रबल संभावना है। भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे करीब 64 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। शाम 5:30 बजे तक लगातार 50 प्रतिशत से अधिक बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि 6:30 बजे के बाद मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।
मैच पर मंडराया रद्द होने का खतरा
धर्मशाला में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। ऐसे में मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुकाबले के प्रभावित होने की संभावना काफी ज्यादा नजर आ रही है। यदि बारिश लगातार जारी रहती है तो मैच को छोटा किया जा सकता है, जबकि खराब मौसम लंबे समय तक बना रहने पर मुकाबला रद्द भी हो सकता है।
भारत ए की हार से बढ़ी चिंता
बारिश टीम इंडिया के लिए पहले भी मुश्किलें खड़ी कर चुकी है। हाल ही में ट्राई नेशन ए सीरीज में भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेले गए मुकाबले में डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के चलते भारत ए को हार का सामना करना पड़ा था।
उस मैच में भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 349 रन का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में अफगानिस्तान ए की टीम 177 रन ही बना सकी, लेकिन बारिश के कारण मैच प्रभावित हुआ और DLS नियम के तहत अफगानिस्तान ए को 4 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।
भारत का पलड़ा भारी
अफगानिस्तान की टीम अब तक किसी भी अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में भारत को हराने में सफल नहीं हुई है। ऐसे में कागजों पर टीम इंडिया मजबूत नजर आ रही है, लेकिन धर्मशाला का मौसम मेहमान टीम के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है।
अब सभी की नजरें मौसम पर टिकी हैं। यदि बारिश ने साथ दिया तो क्रिकेट प्रशंसकों को भारत और अफगानिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है, लेकिन खराब मौसम की स्थिति में सीरीज का पहला मैच धुलने का खतरा भी बना हुआ है।