जयपुर | राजस्थान की स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों में इस बार रसूखदार और संपन्न चेहरों ने कमान संभाली है। प्रदेश के कुल 37 जिलों के नए जिला प्रमुखों की संपत्ति का ब्योरा सामने आ चुका है, जो काफी चौंकाने वाला है। नामांकन के दौरान दाखिल किए गए शपथ पत्रों से खुलासा हुआ है कि 37 में से 21 जिला प्रमुख करोड़पति हैं। बाकी 16 जिला प्रमुखों की संपत्ति लाखों रुपए में है। दूसरी तरफ, सबसे कम संपत्ति वाले जिला प्रमुखों में झालावाड़ की जिला प्रमुख वर्षा का नाम शामिल है, जो महज एक लाख रुपए की मालकिन हैं।
चूरू की कनिका सिंह सबसे अमीर
प्रदेश के सभी जिला प्रमुखों में चूरू जिले की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कनिका सिंह संपत्ति के मामले में सबसे आगे हैं। उन्होंने अपने नामांकन पत्र में पति सहित कुल 145 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति घोषित की है। कनिका सिंह ने अपने हलफनामे में एक किलो सोना और 20 किलो चांदी के जेवरात होने की जानकारी भी साझा की है। इस भारी-भरकम संपत्ति के साथ वे पूरे राजस्थान में पहले पायदान पर हैं।
उदयपुर और भीलवाड़ा के प्रमुख भी सूची में आगे
अमीरी के इस क्रम में उदयपुर जिले के प्रमुख हिम्मत सिंह झाला दूसरे स्थान पर काबिज हैं। उनके पास कुल 100 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं, तीसरे स्थान पर भीलवाड़ा के जिला प्रमुख कैलाश चंद मीणा आते हैं, जिन्होंने अपने परिवार की कुल संपत्ति 33.08 करोड़ रुपए बताई है। कैलाश मीणा ने अपने हलफनामे में कई खानों (माइंस) का स्वामित्व होने का भी विशेष जिक्र किया है।
अन्य जिलों के करोड़पति जिला प्रमुखों का हाल
शीर्ष तीन के अलावा भी कई जिलों के प्रमुख करोड़ों के मालिक हैं। फलौदी की यशवंत कंवर के पास 23.52 करोड़, डीग की रेनू सिंह के पास 18.22 करोड़, चित्तौड़गढ़ की रतनी देवी जाट के पास 14.38 करोड़ और खैरथल-तिजारा के इंद्रजीत यादव के पास 11.50 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसके अलावा, बीकानेर की निकिता कर्वासरा डूडी (9.56 करोड़) और जोधपुर की प्रमिला चौधरी (7.30 करोड़) भी इसी सूची में शामिल हैं। साफ है कि आधे से ज्यादा जिला परिषदों की बागडोर रसूखदार चेहरो के हाथ में है।