जयपुर | राजस्थान में जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनावों के बाद राजनीतिक दलों ने अनुशासनहीनता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल सदस्यों पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जोधपुर में कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई
जोधपुर जिले की भोपालगढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर मतदान करने वाले पांच निर्वाचित सदस्यों को जोधपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। विधायक एवं जिलाध्यक्ष गीता बरवड़ ने बताया कि इन सदस्यों को कांग्रेस के सिंबल पर जनता ने जिताया था, लेकिन इन्होंने पार्टी प्रत्याशी के बजाय दूसरे दल के पक्ष में मतदान किया।
जनता ने इन सदस्यों को कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव जिताकर भेजा था। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी प्रत्याशी की जगह दूसरे दल के पक्ष में मतदान किया। यहां तक कि कांग्रेस की प्रधान प्रत्याशी ने भी खुद को वोट नहीं दिया। - गीता बरवड़, विधायक एवं जिलाध्यक्ष
पार्टी से निष्कासित सदस्यों में वार्ड-2 से उच्छब कंवर रूदिया, वार्ड-3 से दुर्गा देवी बिरानी (प्रधान प्रत्याशी), वार्ड-7 से शारदा देवी देवातड़ा, वार्ड-8 से दुर्गाराम माली अरटिया और वार्ड-12 से रामनिवास देवनगर बासनी शामिल हैं।
भाजपा ने भी कसी नकेल
कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों और बयानबाजी को लेकर सख्ती दिखाई है। भाजपा ने ब्यावर की जिला परिषद सदस्य ज्योति चौहान और पाली के वार्ड-28 से जिला परिषद सदस्य चौथाराम मेघवाल को अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी ने शुक्रवार को इन दोनों सदस्यों को नोटिस भेजकर पांच दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो दोनों सदस्यों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।