जयपुर | पंचायत चुनाव के सभी चरणों के मतदान संपन्न होने के बाद अब राजस्थान की राजनीति का पारा चढ़ गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए जोड़-तोड़ का दौर तेज कर दिया है। जिन जिलों में स्पष्ट बहुमत को लेकर असमंजस है, वहां संभाग प्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा गया है।
भाजपा का 30-32 सीटें जीतने का दावा
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के 41 जिलों में से 30 से 32 स्थानों पर जिला प्रमुख बनाने का दावा किया है। जिन जिलों में सदस्यों की संख्या का गणित करीबी है, वहां क्रॉस वोटिंग रोकने और सदस्यों को एकजुट रखने के लिए किलेबंदी की रणनीति अपनाई जा रही है। इसके साथ ही निर्दलीय सदस्यों को साथ लाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इन जिलों में कड़ी चुनौती और बिखराव
पार्टी सूत्रों के अनुसार सीकर, झुंझुनूं और नागौर जिलों में मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सीकर और झुंझुनूं में पार्टी के भीतर नेताओं का बिखराव मुख्य समस्या है। वहीं नागौर में कांग्रेस और भाजपा के अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) का प्रभाव समीकरणों को पेचीदा बना रहा है। इसके अलावा करौली और हनुमानगढ़ में भी त्रिकोणीय व बहुकोणीय संघर्ष के कारण जोड़-तोड़ की आवश्यकता पड़ रही है।
कांग्रेस ने भी कसी कमर, 18-19 नवंबर को बैठकें
दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी ने भी सभी 41 जिला परिषदों में अपने बोर्ड बनाने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला प्रभारियों और चुनाव पर्यवेक्षकों को स्थानीय नेताओं के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी की ओर से 18 और 19 नवंबर को पर्यवेक्षकों को जिलों में भेजा जाएगा जो स्थानीय नेताओं और पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू
कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सत्ताधारी दल प्रत्याशियों को होटलों में ठहरा रहा है तथा पुलिस और धनबल का इस्तेमाल कर कांग्रेस की रणनीति को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। बहरहाल, जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव संपन्न होने तक राजनीतिक दलों की यह उठापटक और निगरानी लगातार जारी रहने की उम्मीद है।