जैसलमेर | राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। प्रसिद्ध धार्मिक नगरी रामदेवरा में बुधवार सुबह एक बेकाबू कार ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया।
इस भीषण सड़क हादसे में 7 साल के एक मासूम बच्चे की जान चली गई। वहीं, कार ड्राइवर समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा रामदेवरा के नोखा चौराहे के पास हुआ।
नोखा चौराहे के पास हुआ दर्दनाक हादसा
रामदेवरा थाने के एसएसआई प्रतापाराम ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास हुआ। कार वीरमदेवरा की ओर से आ रही थी।
उसी दौरान मंदिर से दर्शन करके लौट रहे पैदल श्रद्धालुओं का एक जत्था वहां से गुजर रहा था। तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सीधे श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
गाय को बचाने की कोशिश में बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शी पूनम सिंह ने बताया कि कार के सामने अचानक एक गाय आ गई थी। ड्राइवर ने गाय को बचाने के लिए कार को तेजी से एक तरफ काटा।
इसी हड़बड़ाहट में ड्राइवर कार पर से नियंत्रण खो बैठा। कार सीधे 7 साल के मासूम माहिर को रौंदते हुए आगे बढ़ गई और पास के एक टीन शेड के पोल से टकरा गई।
पाली के झंवरिया गांव का था परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतक माहिर पुत्र बाबूलाल पाली जिले के झंवरिया गांव का निवासी था। वह अपने परिवार के साथ बाबा रामदेव के दर्शन करने आया था।
हादसे में माहिर की मां ललिता, उसके छोटे भाई रियान (2 साल) और विवान (3.5 साल) घायल हो गए हैं। इसके अलावा सुमित्रा और वर्षा को भी चोटें आई हैं।
ड्राइवर समेत सभी घायल अस्पताल में भर्ती
कार चला रहे बंशीलाल (69) भी इस हादसे में बुरी तरह घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पोल टेढ़ा हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रामदेवरा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पोकरण जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
खुशियां मातम में बदलीं
मासूम माहिर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाबा के दर पर मत्था टेककर लौट रहे परिवार को क्या पता था कि रास्ते में ऐसी अनहोनी हो जाएगी।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।