राजस्थान

बीकानेर: रेणु बाला चौहान के कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का लोकार्पण

महेन्द्रसिंह शेखावत · 06 नवम्बर 2026, 05:11 शाम
महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में वी.आर. फाउंडेशन के तत्वावधान में लेखिका रेणु बाला चौहान के कहानी संग्रह 'अपराजिता' का लोकार्पण किया गया। इस दौरान साहित्यकारों ने कहानियों की सराहना की।

बीकानेर | महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में वी.आर. फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में लेखिका रेणु बाला चौहान के कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का लोकार्पण किया गया। सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी द्वारा प्रकाशित इस संग्रह का विमोचन शहर के प्रबुद्ध साहित्यकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कहानियों में मानवीय संवेदनाओं का चित्रण

कार्यक्रम में डॉ. नमामी शंकर आचार्य ने पत्रवाचन करते हुए कहानियों के विभिन्न पात्रों और उनके चरित्र चित्रण को अत्यंत प्रभावशाली बताया। उन्होंने कहा कि यह रचना समाज की वास्तविक तस्वीर पेश करती है।

लेखिका की कहानियां पाठकों में जिज्ञासा और संवेदनशीलता पैदा करती हैं तथा पढ़ने के बाद भी मन में कई सवाल छोड़ जाती हैं। - बुलाकी शर्मा, मुख्य अतिथि

साहित्य सामाजिक समस्याओं की अभिव्यक्ति

समारोह की अध्यक्षता करते हुए गोविन्द माथुर ने साहित्य को निजी एवं सामाजिक समस्याओं की अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम बताया। विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र जोशी और डॉ. मेघना शर्मा ने भी संग्रह की कहानियों में मानवीय संवेदनाओं और पात्रों के अंतर्द्वंद्व के सजीव चित्रण की भरपूर सराहना की। समारोह के अंत में प्रकाशक एवं सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी के अध्यक्ष नदीम अहमद ‘नदीम’ सहित संस्था के पदाधिकारियों ने लेखिका का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन संजय श्रीमाली ने किया जबकि आभार राजेन्द्र सिंह देपावत ने व्यक्त किया।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)