सीकर | फतेहपुर कस्बे में बीती रात बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। यहां एक ज्वेलरी शॉप में ताले तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया।
पड़ोसियों ने दी ताले टूटने की खबर
घटना फतेहपुर के परशुराम भवन के पीछे स्थित IC ज्वेलर्स की है। दुकान मालिक कमल रोजाना की तरह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे।
अगली सुबह जब पड़ोसियों ने दुकान के ताले टूटे देखे, तो तुरंत मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दुकान से कीमती सामान गायब है।
चोरों ने दुकान की तिजोरी और काउंटर को निशाना बनाया। वहां रखा करीब 12 ग्राम सोना और सवा सौ ग्राम चांदी के जेवर गायब मिले।
इसके अलावा कई कीमती रत्न और अन्य सामान भी चोरी हो गए हैं। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जब दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची गई, तो पूरी हकीकत सामने आ गई। रात करीब 2:58 बजे तीन चोर दुकान के पास पहुंचे थे।
फुटेज में दिख रहा है कि चोरों के पास सरिए जैसा कोई औजार था। उन्होंने बड़ी आसानी से दुकान के शटर के ताले तोड़े और अंदर घुस गए।
चोरी की सूचना मिलने पर फतेहपुर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
अस्पताल से बाइक भी हुई चोरी
सीकर के खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल की पार्किंग से भी बाइक चोरी का मामला सामने आया है। बीती शाम एक चोर ने पार्किंग से बाइक चुरा ली।
यह घटना भी अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर पहले काफी देर तक पार्किंग में बैठा रहा।
मौका मिलते ही वह बाइक लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया। पुलिस अब इन दोनों ही वारदातों में शामिल बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है।