क्राइम

सिरोही: होटल संचालक के बेटों पर जानलेवा हमला, लूटपाट का आरोप; चार नामजद सहित अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

गणपत सिंह मांडोली · 02 जून 2026, 01:47 दोपहर
सिरोही में होटल संचालक के बेटों पर लाठी-सरियों से हमला, चार तोला सोने की चेन लूटकर आरोपी फरार।

सिरोही। जिला मुख्यालय स्थित एयरलाइंस होटल के बाहर सोमवार रात करीब 8:15 बजे हुई मारपीट और कथित लूटपाट की घटना से शहर में सनसनी फैल गई। होटल संचालक के बेटों पर हुए जानलेवा हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, एयरलाइंस होटल में मौजूद परेश पटेल और आर्यन पटेल को एक काले रंग की स्कॉर्पियो में आए लोगों ने होटल के बाहर बुलाया। आरोप है कि वाहन से उतरे राजवीर सिंह भाटी तथा उसके साथियों ने दोनों भाइयों पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों के पास लाठियां, सरिए, धारदार हथियार और लोहे का बेसबॉल बैट होने का आरोप लगाया गया है।


रिपोर्ट में बताया गया है कि हमलावरों ने परेश पटेल के सिर पर वार किए तथा आर्यन पटेल के हाथ और शरीर पर चोटें पहुंचाईं। दोनों के शोर मचाने पर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि हमलावर मौके से भागते समय स्कॉर्पियो वाहन को आगे-पीछे कर पीड़ित पक्ष पर चढ़ाने का भी प्रयास करते हुए फरार हो गए।


पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावर जाते समय परेश पटेल के गले में पहनी करीब चार तोला वजनी सोने की चेन भी लूटकर ले गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि समय पर लोगों और होटल स्टाफ के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा हमलावर जान से मार सकते थे।
मामले में राजवीर सिंह भाटी के साथ मनोहर सिंह, बंटी सिंह और रघुवीर सिंह को नामजद किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।


घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)