राजस्थान

सिरोही का अन्दौर बना कला का केंद्र: राजस्थान के सिरोही में विदेशी कलाकारों की गूंज, अन्दौर गांव में सजेगी 'सूत्र' कला प्रदर्शनी

thinQ360 · 23 नवम्बर 2026, 12:14 दोपहर
राजस्थान के सिरोही जिले का अन्दौर गांव बिना किसी सरकारी मदद के अंतरराष्ट्रीय कला का केंद्र बन गया है। यहां 23 नवंबर से 'सूत्र' कला प्रदर्शनी शुरू होगी, जिसमें रूस, पोलैंड और अमेरिका के कलाकार अपनी कृतियां दिखाएंगे।

मनोज शर्मा

शिवगंज |  राजस्थान और गुजरात की सीमा से सटे सिरोही जिले के शिवगंज तहसील का अन्दौर गांव अंतरराष्ट्रीय कला जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। बिना किसी बड़े सरकारी संरक्षण या भारी संसाधनों के यह छोटा सा गांव वर्ष 2015 से लगातार विदेशी कलाकारों की कर्मस्थली बना हुआ है। अरावली की पहाड़ियों और ग्रामीण परिवेश के बीच सात समंदर पार से आने वाले कलाकार राजस्थानी संस्कृति को अपनी कला के माध्यम से वैश्विक मंच पर पहुंचा रहे हैं।

23 नवंबर को सजेगी 'सूत्र' कला प्रदर्शनी

 

इसी रचनात्मक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए अन्दौर स्थित फार्म स्टूडियो कला केंद्र 'हिंज आर्ट्स स्पेस' में सोमवार, 23 नवंबर को शाम चार बजे 'सूत्र' कला प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा। यह दो दिवसीय प्रदर्शनी 24 नवंबर की शाम चार बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इसमें रूस, पोलैंड, नीदरलैंड और अमेरिका के चुनिंदा कलाकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।

 

प्रदर्शनी में चित्रकला, मूर्तिकला, बुनाई और फेल्टिंग जैसे विभिन्न माध्यमों के जरिए राजस्थानी सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक कलात्मक सोच का अनौपचारिक संगम देखने को मिलेगा।

 

विदेशी कलाकारों की नजर में राजस्थानी लोकजीवन

 

नवंबर माह में आयोजित आवासीय कार्यशाला के दौरान रूसी कलाकार लीना कोर्ड्युचेंको ने अरावली की प्राकृतिक सामग्री से मूर्तिशिल्प तैयार किए। वहीं, पोलैंड की चित्रकार अलेक्सांद्रा डुकाट ने दूसरी बार राजस्थान पहुंचकर यहां की स्थापत्य कला से प्रेरित होकर चित्रों की रचना की।

नीदरलैंड की टेक्सटाइल कलाकार मार्गॉट वैन लीउवेन ने राजस्थानी भेड़ों की ऊन और मेहंदी के रंगों से 'जल ही जीवन है' शीर्षक से विशेष कृति तैयार की। अमेरिकी कलाकार एरिका डिनकाल्सी ने राजस्थानी ओढ़नी के चटख रंगों से प्रेरित होकर कलाकृतियों को गढ़ा है। इन कलाकारों ने स्थानीय बच्चों के साथ कार्यशालाएं भी आयोजित की हैं।

 

सरकार से प्रोत्साहन की दरकार

 

अन्दौर गांव की यह पहल केवल एक कला प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवेश और अंतरराष्ट्रीय कला जगत के बीच एक मजबूत सेतु है। यदि पर्यटन और संस्कृति विभाग इस स्वप्रेरित प्रयास को प्रोत्साहन दे, तो अन्दौर को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कला केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)