सिरोही | असफलता किसी व्यक्ति की प्रतिभा का अंतिम प्रमाण नहीं होती, बल्कि कई बार वह जीवन की नई शुरुआत का रास्ता बनती है। जिले के गोयली गांव के बृजेश परमार की कहानी इसका प्रेरक उदाहरण है। कभी 12वीं की विज्ञान संकाय की परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित में महज 3, 3 और 4 अंक हासिल करने वाले बृजेश ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) की परीक्षा पास कर डीएसपी पद प्राप्त किया।
12वीं में मिले थे 3 अंक: सिरोही के बृजेश परमार ने पहले प्रयास में को—आपरेटिव इंस्पेक्टर और दूसरे प्रयास में बने DSP
कठिन परिस्थितियों और 12वीं में असफलता का सामना करने वाले सिरोही के बृजेश परमार ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आरएएस परीक्षा पास कर डीएसपी का पद हासिल किया है।
HIGHLIGHTS
- वीं में असफलता: बृजेश परमार को 12वीं की परीक्षा में भौतिकी, रसायन और गणित में क्रमशः 3, 3 और 4 अंक मिले थे।
- डांस में पहचान: पढ़ाई में मन न लगने पर उन्होंने दिल्ली से प्रोफेशनल डांस कोर्स किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुतियां दीं।
- लॉडाउन में बदली दिशा: कोरोना काल में यूट्यूब पर सिविल सेवा के वीडियो देखकर उन्होंने आरएएस की तैयारी का संकल्प लिया।
- सफलता का सफर: पहले प्रयास में आरएएस-2023 पास कर सहकारिता विभाग में सेवा दी और दूसरे प्रयास में डीएसपी बने।
संबंधित खबरें
असमंजस में बीता शुरुआती दौर
बृजेश बचपन से पढ़ाई में रचनात्मक सोच वाले विद्यार्थी थे। उचित मार्गदर्शन न मिलने के कारण उन्होंने विज्ञान संकाय चुन लिया, जिसे वे समझ नहीं पाए और 12वीं में असफल हो गए। इसके बाद कला संकाय में जाने के बावजूद स्नातक प्रथम वर्ष में भी वे असफल रहे और एक समय पढ़ाई छोड़ने का मन बना लिया था।
डांस के जुनून ने दी नई उड़ान
पढ़ाई में असफलता मिलने के बाद बृजेश ने अपने बचपन के शौक डांस को पेशा बनाने का फैसला किया। उन्होंने दिल्ली से प्रोफेशनल डांस कोर्स किया और 'द डांसवॉर्क्स' तथा 'नवधारा इंडिया डांस थिएटर' के साथ काम करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने प्रसिद्ध कोरियोग्राफर शक्ति मोहन की टीम के साथ भी काम किया।
संबंधित खबरें
लॉकडाउन बना जीवन का टर्निंग पॉइंट
कोरोना महामारी के दौरान घर लौटने पर उन्होंने यूट्यूब पर आईएएस और आरएएस अधिकारियों के वीडियो देखे, जिससे उनके भीतर प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा जागी। 19 अप्रैल 2022 से उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ आरएएस की तैयारी शुरू की और कोचिंग में अपने बैच के टॉपर बने।
पहले प्रयास में आरएएस, दूसरे में डीएसपी
बृजेश ने अपनी कड़ी मेहनत के बल पर पहले प्रयास में आरएएस-2023 परीक्षा पास की और सहकारिता विभाग में आरएएस अधिकारी बने। इसके बाद दूसरे प्रयास में आरएएस-2024 परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) का पद हासिल किया। उनका यह सफर आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।